Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

कॉर्पोरेट से खेत तक: 40 लाख के पैकेज की नौकरी छोड़ शिवेंद्र ने शुरू की खेती, अब नेट हाउस फार्मिंग से हर सीजन में कमा रहे 10 लाख रुपए

03 जून 2026, इंदौर: कॉर्पोरेट से खेत तक: 40 लाख के पैकेज की नौकरी छोड़ शिवेंद्र ने शुरू की खेती, अब नेट हाउस फार्मिंग से हर सीजन में कमा रहे 10 लाख रुपए – कभी आईटी कंपनी में एसोसिएट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत रहे और सालाना 40 लाख रुपये के पैकेज पर नौकरी करने वाले शिवेंद्र सिंह सेंगर आज आधुनिक खेती के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं। कोविड- 19 के दौर में पुणे से जबलपुर लौटे शिवेंद्र ने कॉर्पोरेट दुनिया को अलविदा कहकर खेती में भविष्य तलाशने का निर्णय लिया।

आज वे सिहोरा क्षेत्र के ग्राम आश्रम में नेट हाउस फार्मिंग के माध्यम से न केवल अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं, बल्कि अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन गए हैं। शिवेंद्र बताते हैं कि वर्ष 2023 में उन्होंने सिहोरा के पास ग्राम आश्रम में लगभग 6 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से 6 एकड़ भूमि खरीदी। शुरुआत में उन्होंने डेयरी फार्मिंग और पारंपरिक खेती में हाथ आजमाया, लेकिन जल्द ही आधुनिक तकनीक आधारित खेती की ओर रूख कर लिया। वर्तमान में वे एक एकड़ क्षेत्र में स्थापित नेट हाउस से सालभर में तीन ऑफ सीजन फसलें ले रहे हैं, जिससे प्रत्येक सीजन में उन्हें 8 से 10 लाख रुपये तक की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है। शेष पांच एकड़ भूमि में वे मौसमी सब्जियों की खेती करते हैं।

पुणे से मिला नेट हाउस फार्मिंग का विचार :-

शिवेंद्र बताते हैं कि पुणे में नौकरी के दौरान उन्होंने देखा कि वहां किसान नेट हाउस तकनीक का उपयोग कर मौसम के विपरीत भी फसलें उगा रहे हैं। इसी अनुभव ने उन्हें आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। जबलपुर आने के बाद उन्होंने उद्यानिकी विभाग से संपर्क किया और नेट हाउस फार्मिंग की तकनीकी जानकारी के साथ-साथ उपलब्ध शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिवेंद्र ने एक एकड़ क्षेत्र में लगभग 28 लाख 50 हजार रुपये की लागत से नेट हाउस स्थापित किया। इस परियोजना में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा एम आई डी एच (मिशन फॉर इंटिग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हार्टिकल्चर) योजना के अंतर्गत उन्हें 14 लाख 25 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त पहले वर्ष बीज एवं अन्य कृषि कार्यों के लिए 3 लाख रुपये की सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

महंगे बीज, लेकिन कई गुना अधिक लाभ :-

शिवेंद्र बताते हैं कि नॉन-सीजनेबल फसलों के लिए उपयोग होने वाले हाइब्रिड बीज सामान्य बीजों की तुलना में लगभग तीन गुना महंगे होते हैं। जहां सामान्य फसल का बीज लगभग 2 रुपये प्रति बीज आता है, वहीं हाइब्रिड बीज की कीमत 6 रुपये या उससे अधिक होती है। हालांकि इन बीजों से उत्पादन और गुणवत्ता बेहतर मिलने के कारण किसानों को अच्छा लाभ प्राप्त होता है। नेट हाउस में उन्होंने सबसे पहले कैप्सिकम (शिमला मिर्च) की खेती की। इसके बाद गेंदा फूल और खीरे की फसल ली। वर्तमान में उनके नेट हाउस में खीरे की उन्नत हाइब्रिड किस्म की खेती की जा रही है, जिसकी बाजार में अच्छी मांग है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

क्षेत्र के किसानों के लिए बने प्रेरणा स्रोत :-

शिवेंद्र सिंह का कहना है कि जब उन्होंने नेट हाउस फार्मिंग शुरू की थी, तब जिले में इस तकनीक को अपनाने वाले किसान बहुत कम थे। उनकी सफलता को देखकर अब जिले में तीन से चार अन्य किसानों ने भी नेट हाउस फार्मिंग शुरू की है और उन्हें भी बेहतर आय प्राप्त हो रही है। आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं का लाभ और नवाचार की सोच के साथ शिवेंद्र सिंह सेंगर ने यह साबित कर दिया है कि यदि खेती को वैज्ञानिक तरीके से किया जाए तो यह किसी भी उच्च वेतन वाली नौकरी से कम लाभकारी नहीं है। उनकी सफलता की कहानी आज युवाओं और किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture