राज्य कृषि समाचार (State News)

किसान हित सर्वोपरि : मंडी बोर्ड आयुक्त ने बरेली मंडी का किया औचक निरीक्षण

किसानों, व्यापारियों और हम्मालों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

15 अगस्त 2026, बरेलीकिसान हित सर्वोपरि : मंडी बोर्ड आयुक्त ने बरेली मंडी का किया औचक निरीक्षण – मंडी बोर्ड के आयुक्त-सह-प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को कृषि उपज मंडी समिति बरेली का औचक निरीक्षण कर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और मंडी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों, व्यापारियों, हम्मालों एवं तुलावटियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

श्री पुरुषोत्तम ने कहा कि किसानों को सरल, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना मंडी बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को किसान हित को केंद्र में रखते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-मंडी एवं ई-नाम प्रणाली, ई-नाम लैब, पेमेंट काउंटर, कृषक विश्राम गृह, कैंटीन, पेयजल, स्वच्छता एवं सूचना प्रसारण व्यवस्था का अवलोकन किया। इसके साथ ही नीलामी शेड, सीसी रोड, शौचालय, 10 मीट्रिक टन क्षमता के इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे तथा प्रस्तावित ग्रेडिंग एवं क्लीनिंग प्लांट के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने मंडी परिसर में अतिरिक्त प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसी कार्य तथा विभिन्न भवनों एवं संरचनाओं की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति तथा ड्रेस कोड का भी परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव श्रीमती ऋतु गढ़वाल, अधीक्षण यंत्री श्री मधुकर पवार, कार्यपालन यंत्री श्री एस.सी. गोयल, सहायक यंत्री श्री आनंद योगी, उपयंत्री श्री एन.सी. जाटव, मंडी लेखापाल श्रीमती दीपिका धुर्वे सहित मंडी समिति का स्टाफ उपस्थित रहा।