राज्य कृषि समाचार (State News)

कृषक कल्याण वर्ष 2026: किसानों को आधुनिक खेती सिखाने निकले कृषि रथ,  25 मई तक चलेगा अभियान

18 मई 2026, भोपाल: कृषक कल्याण वर्ष 2026: किसानों को आधुनिक खेती सिखाने निकले कृषि रथ,  25 मई तक चलेगा अभियान – मध्यप्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों को कृषि की नवीन तकनीकों, उन्नत खेती, प्राकृतिक कृषि एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने हेतु जिले के समस्त विकासखंडों में एक-एक कृषि रथ संचालित किए जा रहे हैं। यह कृषि रथ अभियान 16  से 25 मई  तक संचालित होगा।

प्रत्येक विकासखंड में संचालित कृषि रथ प्रतिदिन तीन ग्रामों में भ्रमण करेगा तथा किसानों को कृषि विभाग एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करेगा। अभियान के माध्यम से किसानों को फसल विविधीकरण, उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग तथा कृषि आधारित स्वरोजगार गतिविधियों के संबंध में जागरूक किया जाएगा।

कृषि रथों के माध्यम से किसानों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, उद्यानिकी योजनाएं, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि यंत्रीकरण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा किसानों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें मौसम आधारित कृषि सलाह भी दी जाएगी।

अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों तक शासन की योजनाओं को सीधे पहुंचाना तथा उन्हें आधुनिक एवं टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि रथों के आगमन से किसानों में उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में कृषक कार्यक्रमों में भाग लेकर जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने ग्राम में कृषि रथ के आगमन पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें और कृषि को लाभकारी बनाने में सहभागिता निभाएं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements