किसानों को समय पर खाद और बीज का वितरण कराएं – कमिश्नर रीवा
13 नवंबर 2026, रीवा: किसानों को समय पर खाद और बीज का वितरण कराएं – कमिश्नर रीवा – कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन तथा टीएल पत्रों पर समय सीमा में कार्यवाही करके निराकरण करें। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई ।
सिंचाई के लिए उपलब्ध है पर्याप्त पानी:-बैठक में टीएल पत्रों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति में अनियमितता करने वाले अधिकारी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करें। सेवानिवृत्त कर्मचारी की सेवा पुस्तिका गुमने के संबंध में जाँच कर संयुक्त संचालक शिक्षा, संयुक्त संचालक पेंशन तथा संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा एक सप्ताह में प्रतिवेदन दें। लापरवाहों के विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित करें। कमिश्नर ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। खाद का ई टोकन के माध्यम से वितरण किया जा रहा है। खाद और बीज के वितरण की सतत निगरानी करें। किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराएं। कृषि विभाग के अधिकारी मैदानी अमले के सहयोग से किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए जागरूक करें। सुपर सीडर, हैप्पी सीडर तथा अन्य उपकरणों के उपयोग के लिए किसानों को प्रेरित करें। बिना एस्ट्रा रीपर वाले हार्वेस्टरों पर कार्रवाई करें। नरवाई जलाने वाले किसानों पर भी जुर्माने की कार्रवाई करें। सिंचाई के लिए संभाग के सभी जलाशयों तथा बाणसागर बांध में पर्याप्त पानी उपलब्ध है। सिंचाई के लिए 15 नवम्बर से नहरों में पानी छोड़ा जाएगा। पानी को नहर के अंतिम बिन्दु तक पहुंचाएं जिससे हर किसान इसका लाभ उठा सके।
कमिश्नर ने कहा कि मुख्य अभियंता ऊर्जा बिजली की आपूर्ति की समुचित व्यवस्था करें। सिंचाई के लिए स्थापित ट्रांसफार्मर के खराब होने पर उसे तीन दिन की समय सीमा में बदलें। जिन ट्रांसफार्मरों के लिए न्यूनतम राशि जमा हो जाती है उन्हें तत्काल बदलें। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति पर विशेष ध्यान दें। अधीक्षण यंत्री पीएचई बिगड़े हैण्डपंपों के सुधार तथा निर्माणाधीन नलजल योजनाओं की गति सुधारने पर ध्यान दें। निर्माण कार्य में अकारण देरी करने वाले ठेकेदारों को नोटिस दें। उप संचालक मछली पालन पूरे संभाग में केज कल्चर के माध्यम से मछलीपालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास करें। संयुक्त संचालक पशुपालन शासन की मंशा के अनुरूप सभी जिलों में नए मिल्क रूट बनाकर उनमें दुग्ध सहकारी समितियों का गठन कराएं। समितियों के गठन में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने संयुक्त संचालक को नोटिस देने के निर्देश दिए । बैठक में संयुक्त कलेक्टर सर्व श्री पीयूष भट्ट, उपायुक्त विकास प्रदीप दुबे तथा संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


