राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों को निराशा से उबारने के लिए दिग्विजयसिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा

किसानों को निराशा से उबारने के लिए दिग्विजयसिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कहा है कि लाक डाउन के कारण फसलों का विक्रय नहीं हो पा रहा है और व्यापारिक गतिविधियां रूक जाने के कारण फसलों के मूल्य में गिरावट आ रही है।उन्होंने इन स्थितियों पर नियंत्रण के लिए सुझाव देते हुए कहा कि गेहूं की सरकारी खरीद की राशि किसानों के सहकारिता के कर्ज में समायोजित न की जाए।

खरीदी केन्द्रों पर किसानों को दो बार बुलाया जाए। सरकारी खरीद का भुगतान किसानों को 3 से 5 दिनों में किया जाए। श्री सिंह ने मांग की कि समर्थन मूल्य पर खरीदी के अलावा शेष गेहूं खरीदने और भाव स्थिरीकरण के लिए किसानों के लिए अलग से फंड दिया जाए। जिला स्तर पर खरीदी हेतु टास्कफोर्स बनाया जाए। उन्होंने ग्रीष्मकालीन फसलों की खरीद एवं फल फूल सब्जी उत्पादक किसानों को हुए नुकसान की भरपाई आदि की व्यवस्था करने का भी सुझाव दिया।श्री सिंह ने प्याज, पान, अफीम एवं दुग्ध उत्पादक किसानों की समस्याओं की ओर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

Advertisements
Advertisement
Advertisement