धार: खरीफ ऋण वितरण अभियान की शुरुआत, बैंक ने पहले दिन 6300 किसान को बांटे 55 करोड़ रुपये
04 अप्रैल 2026, धार: धार: खरीफ ऋण वितरण अभियान की शुरुआत, बैंक ने पहले दिन 6300 किसान को बांटे 55 करोड़ रुपये – मध्यप्रदेश के धार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, धार से संबद्ध जिले की सभी 94 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में खरीफ सीजन 2026 के लिए ऋण वितरण का कार्य योजनाबद्ध तरीके से प्रारंभ हो गया है। शासन की मंशानुसार किसानों को समय पर खाद-बीज और अन्य कृषि आवश्यकताओं हेतु राशि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पहले ही दिन उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं।
पहले दिन 6300 किसान हुए लाभान्वित
खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही, जिन कृषकों द्वारा पूर्व का बकाया ऋण जमा कर दिया गया था, उन्हें पात्रता अनुसार नवीन ऋण प्रदान किया जा रहा है। ऋण वितरण के पहले दिन, 02 अप्रैल को जिले के लगभग 6300 किसान सदस्यों को 55 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। बैंक प्रबंधन ने आगामी 10 अप्रैल तक कुल 500 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बैंक एवं संस्थागत कर्मचारी अवकाश के दिनों में भी निरंतर कार्य कर रहे हैं।
ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया
उल्लेखनीय है कि खरीफ सीजन के तहत समितियों द्वारा सदस्यों को फसल, पशुपालन एवं मत्स्य पालन हेतु केसीसी (KCC) ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए किसानों को निम्नलिखित दस्तावेज समितियों में उपलब्ध कराने होते हैं: निर्धारित आवेदन फॉर्म, बोई जाने वाली प्रस्तावित फसल की जानकारी एवं नवीनतम भूमि रिकॉर्ड (खसरा-खतौनी आदि)। दस्तावेजों के सत्यापन के पश्चात नियमानुसार सदस्य की क्रेडिट लिमिट निर्धारित कर ऋण वितरण की कार्यवाही तत्काल की जा रही है।
जिला सहकारी बैंक एवं समितियों द्वारा जिले के कृषक बंधुओं से अपील की गई है कि वे अपनी संबंधित संस्था में आवेदन कर नवीन ऋण प्राप्त करें। साथ ही, जिन कृषकों ने गत वर्ष का ऋण अब तक जमा नहीं किया है, वे तत्काल बकाया राशि जमा कर डिफाल्टर होने से बचें और नवीन ऋण प्राप्त कर शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

