धार: विश्व कपास दिवस पर कुक्षी में कृषक प्रशिक्षण आयोजित
13 अक्टूबर 2026, धार: धार: विश्व कपास दिवस पर कुक्षी में कृषक प्रशिक्षण आयोजित – राष्ट्रीय कपास उत्पादकता मिशन के अंतर्गत एवं विश्व कपास दिवस के उपलक्ष्य में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, विकासखंड कुक्षी के सहयोग से साइमा (SIMA) कॉटन डेवलपमेंट एंड रिसर्च एसोसिएशन, कोयंबटूर द्वारा कुक्षी में एक दिवसीय क्लस्टर स्तरीय कृषक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विकासखंड के 200 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने सहभागिता कर कपास की उन्नत खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को लंबे रेशे एवं अतिरिक्त लंबे रेशे (ईएलएस) वाली कपास की उन्नत किस्मों की उत्पादन तकनीकों से अवगत कराना तथा सर्वोत्तम कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था। प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को कपास की उत्पादकता बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त करने के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।
उन्नत तकनीक अपनाकर बढ़ाएं कपास की उत्पादकता – कार्यक्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, जिला धार के उप संचालक श्री विजय चौरसिया ने किसानों को कपास उत्पादन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने उच्च घनत्व पौध रोपण प्रणाली (एचडीपीएस) एवं कम दूरी पर पौध रोपण तकनीक अपनाने पर जोर दिया। इस तकनीक के अंतर्गत कतार से कतार तथा पौधे से पौधे के बीच 3 × 1 फीट की दूरी पर कपास की बुवाई करने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि उन्नत उत्पादन तकनीकों को अपनाकर किसान सीमित रकबे में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
श्री चौरसिया ने कपास की फसल में समन्वित कीट प्रबंधन (आईपीएम) अपनाने की सलाह दी। उन्होंने संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, मिट्टी परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा फसल की आवश्यकताओं के अनुरूप कृषि कार्य करने की तकनीकी जानकारी भी दी।
उन्नत किस्मों की प्रदर्शनी और प्रदर्शन प्रक्षेत्र का कराया भ्रमण – प्रशिक्षण स्थल पर शक्ति बीटी एवं सुरक्षा कपास की उन्नत किस्मों की प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों को शक्ति बीटी कपास के प्रदर्शन प्रक्षेत्र का प्रत्यक्ष भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्हें खेत में अपनाई गई उत्पादन तकनीकों, पौधों की दूरी तथा उन्नत कृषि पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई, जिससे वे इन तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
कार्यक्रम में साइमा कॉटन डेवलपमेंट एंड रिसर्च एसोसिएशन, कोयंबटूर के विपणन सलाहकार श्री दिनेश गुप्ता, सचिव एवं मुख्य कपास प्रजनक डॉ. एम. आशारानी, सहायक संचालक श्री डी.एस. मौर्य, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुक्षी श्री अजय चौहान, बीज विक्रेता श्री सुनील पाटीदार एवं श्री सोहन पाटीदार सहित विकासखंड के कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


