खरीफ 2025 के फसल बीमा दावों की 1460 करोड़ रुपये की राशि किसानों के खातों में
10.54 लाख किसानों को मिली राहत, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से किया राशि का अंतरण
20 जुलाई 2026, भोपाल: खरीफ 2025 के फसल बीमा दावों की 1460 करोड़ रुपये की राशि किसानों के खातों में – मध्य प्रदेश के लाखों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 सीजन की फसल बीमा दावा राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में अंतरित की। जगदीशपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने यह राशि जारी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 10 लाख 54 हजार प्रभावित किसानों के खातों में 1460 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि पहुंचाई। प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण फसलों को हुए नुकसान के बाद बीमा दावा राशि मिलने से किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार देश के अन्नदाताओं के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि प्राकृतिक आपदा, मौसम की अनिश्चितता और फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो।
मुख्यमंत्री ने किसानों को बदलते मौसम के प्रति सावधान करते हुए कहा कि इस वर्ष अल-नीनो प्रभाव के कारण मानसून को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसी परिस्थितियों में किसानों को अपनी अधिसूचित फसलों का निर्धारित अंतिम तिथि से पहले फसल बीमा अवश्य कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल बीमा किसानों के लिए प्राकृतिक जोखिम से सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे बीमा कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें और समय सीमा के भीतर अपनी फसलों का बीमा कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा मौसम की मार से फसल को नुकसान होने पर उन्हें वित्तीय सुरक्षा मिल सके।
सरकार के इस कदम को किसानों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। खरीफ फसल के नुकसान के बाद मिली यह राशि किसानों को आगामी कृषि गतिविधियों, बीज, खाद और अन्य आवश्यक कृषि सामग्री की व्यवस्था में भी सहायता प्रदान करेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Glo

