किसानों के लिए सहकारी ऋण व्यवस्था होगी आसान, CM मोहन यादव बोले- खेती के साथ बढ़ाएं पशुपालन-मत्स्य पालन
06 अक्टूबर 2026, भोपाल: किसानों के लिए सहकारी ऋण व्यवस्था होगी आसान, CM मोहन यादव बोले- खेती के साथ बढ़ाएं पशुपालन-मत्स्य पालन – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा जिले से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नीमच में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नीमच के किसानों से सीधा संवाद कर कृषि गतिविधियों, किसान हितैषी योजनाओं से मिल रहे लाभ, कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचार और किसानों की जरूरतों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है।
कृषि के साथ दूसरी गतिविधियों पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान अपनी आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को भी अपनाएं। उन्होंने पशुपालकों को प्रोत्साहित करने और जिले में मत्स्य उत्पादन से जुड़े परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने गांधीसागर जलाशय सहित जिले में मत्स्य उत्पादन से जुड़े परिवारों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए खेती के साथ अन्य आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्नत कृषि और व्यापार में नीमच की अलग पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीमच जिला उन्नत कृषि, आधुनिक खेती और कृषि व्यापार के क्षेत्र में प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुका है। जिले में अश्वगंधा, इसबगोल, तुलसी, सतावरी, चिरायता, आंवला, बहेड़ा और नीम जैसी कई औषधीय फसलों का उत्पादन होता है। इसके अलावा चिया सीड, लहसुन, मेथी और धनिया सहित कई कृषि उत्पादों के उत्पादन और व्यापार में भी नीमच की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ और कृषि को अर्थव्यवस्था की आधारशिला बताया।
नीमच मंडी में बढ़ी कृषि उपज की आवक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीमच कृषि उपज मंडी की कृषि व्यापार में महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नीमच मंडी ए-ग्रेड मंडी है और औषधीय फसलों के व्यापार के लिए एशिया के प्रमुख केंद्रों में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। वर्ष 2023-24 में नीमच मंडी में 53.46 लाख क्विंटल कृषि उपज की आवक हुई थी। यह आंकड़ा वर्ष 2025-26 में बढ़कर करीब 72 लाख क्विंटल हो गया। इसी अवधि में मंडी की आय में भी वृद्धि हुई और वर्ष 2025-26 में यह करीब 34.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
10 हजार एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में प्राकृतिक-जैविक खेती
मुख्यमंत्री ने जिले में प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि नीमच में 10 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में प्राकृतिक एवं जैविक खेती की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से भूमि की उर्वरता बनाए रखने के साथ गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित कृषि उत्पादों के उत्पादन को बढ़ावा मिलता है। मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और फसल विविधीकरण पर ध्यान देने का आह्वान किया।
सिंचाई परियोजनाओं से बढ़ेगा खेती का दायरा
मुख्यमंत्री ने जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रही परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रामपुरा-मनासा सूक्ष्म वृहद सिंचाई परियोजना से 212 गांवों की 67 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचित हो सकेगी। इसी तरह जावद-नीमच और खुमान सिंह शिवाजी सिंचाई योजनाओं के पूरा होने से एक लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से जिले में कृषि का रकबा बढ़ेगा और बड़ी संख्या में किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
चीता प्रोजेक्ट से पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने गांधीसागर अभयारण्य में चीता प्रोजेक्ट से नीमच जिले में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे नीमच को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट एवं प्रगतिशील किसानों श्याम कारपेंटर, हरीश पाटीदार, किशोर कुमार पाटीदार और अनिल धाकड़ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक कृषि पद्धतियों, फसल उत्पादन, पशुपालन और किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। आयोजन स्थल पर कृषि सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कृषि तकनीकों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, जयपाल सिंह चावड़ा, कप्तान सिंह, कपिल यार्डे, वंदना खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही और बड़ी संख्या में किसान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


