विदिशा में CII ने आयोजित किया पशुपालकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम, पशुपालकों को सिखाए दूध उत्पादन बढ़ाने के तरीके
20 नवंबर 2026, विदिशा: विदिशा में CII ने आयोजित किया पशुपालकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम, पशुपालकों को सिखाए दूध उत्पादन बढ़ाने के तरीके – मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में डेयरी व्यवसाय को मजबूत बनाने, पशुपालक किसानों की आय बढ़ाने और पशुओं की उत्पादकता व स्वास्थ्य में सुधार लाने के उद्देश्य से भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) ने CII-FACE के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के पशुपालक किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र सूद ने दूध निकालने की स्वच्छ तकनीक, पशुओं की देखभाल, संतुलित आहार और पोषण प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने गर्मियों में पशुओं को हीट स्ट्रेस से बचाने के उपाय भी समझाए। उन्होंने कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य, उचित पोषण और स्वच्छ दुग्ध उत्पादन पर ध्यान देकर दूध की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाया जा सकता है।
नाबार्ड की डीजीएम श्रीमती जगप्रीत कौर ने पशुपालकों को पशु किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी दी। उन्होंने योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सुविधाओं और डेयरी व्यवसाय के विस्तार में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। वहीं, कृषि महाविद्यालय गंजबासौदा के कृषि वैज्ञानिक डॉ. जी.आर. बंसल ने कम लागत में पौष्टिक पशु आहार तैयार करने की तकनीक समझाई। उन्होंने भूसे का यूरिया उपचार करने और वैज्ञानिक तरीके से कंसंट्रेट पशु आहार तैयार करने की विधि बताई। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करके पशुओं के लिए पौष्टिक आहार तैयार किया जा सकता है, जिससे पशुपालन की लागत कम करने में मदद मिलेगी।
उद्योग विभाग की महाप्रबंधक श्रीमती जयंती कुमारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना और डेयरी क्षेत्र की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रशिक्षित करना है।
कार्यक्रम में CII-FACE नई दिल्ली की प्रोजेक्ट मैनेजर सुश्री श्रुति शर्मा, विषय विशेषज्ञ जितेंद्र साहू (पूर्व NDDB), मोहाली, CII इंदौर के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर विनय शर्मा, लीड बैंक अधिकारी भगवान सिंह बघेल, नाबार्ड की श्रीमती जगप्रीत कौर, पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. आकाश शुक्ला एवं डॉ. संजय भारती सहित कृषि महाविद्यालय गंजबासौदा के वैज्ञानिक, आरसेठी के निदेशक और PNB विदिशा के फार्मर ट्रेनिंग सेंटर के निदेशक सहित अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


