छिंदवाड़ा : चंदनगांव में नरवाई प्रबंधन पर कार्यशाला आयोजित
16 मार्च 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा : चंदनगांव में नरवाई प्रबंधन पर कार्यशाला आयोजित – किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों तथा वैज्ञानिक खेती पद्धतियों से जोड़ने के लिए विभिन्न नवाचार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र चंदनगांव में कार्यशाला एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग एवं अन्य संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से सुपर सीडर मशीन के माध्यम से मूंग एवं उड़द की फसल की बोनी का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों की टीम के साथ केंद्र में संचालित प्राकृतिक खेती यूनिट का निरीक्षण किया था सुपर सीडर के माध्यम से नरवाई प्रबंधन करते हुए मूंग-उड़द की बोनी का प्रदर्शन भी देखा। इस अवसर पर सहायक कृषि यंत्री कृषि अभियांत्रिकी विभाग श्री समीर पटेल ने सुपर सीडर के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह यंत्र नरवाई प्रबंधन के लिए अत्यंत उपयोगी है। इसके माध्यम से किसान बिना नरवाई जलाए सीधे बोनी कर सकते हैं, जिससे आग लगने की समस्या से बचाव होता है और खेती की लागत कम होने के साथ उत्पादन व आय में वृद्धि संभव होती है।
उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में किसान सुपर सीडर तकनीक को अपना रहे हैं और सभी सीजन में इसका उपयोग कर रहे हैं। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के प्रयासों से जिले में सुपर सीडर की संख्या बढ़कर लगभग 450 तक पहुंच चुकी है तथा इससे बोनी का रकबा भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों से ग्रीष्मकालीन फसल के रूप में उड़द की खेती अपनाने की भी अपील की। श्री मेर सिंह ने किसानों से सुपर सीडर के माध्यम से सीधे बुवाई की तकनीक को अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया, ताकि जिले को नरवाई जलाने की समस्या से मुक्त किया जा सके। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.के. झाड़े ने बताया कि केंद्र में सुपर सीडर से मूंग और उड़द की बोनी का प्रदर्शन किया गया है, जिसे किसान कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण कर प्रत्यक्ष रूप से देख सकते हैं।
कार्यक्रम में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री सुधीर जैन, उपसंचालक पशुपालन डॉ. एच.जी.एस. पक्षवार, उप संचालक उद्यानिकी श्री एम.एल. उइके, किसान संघ के जिला अध्यक्ष श्री रामराव लाड़े, कृषि विज्ञान केंद्र देलाखारी के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.एल. राउत सहित अन्य वैज्ञानिक, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे । अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष के अंतर्गत ग्राम जूनापानी, मोहखेड़ की स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया। कलेक्टर श्री नारायन ने किसानों से नरवाई न जलाकर उसका वैज्ञानिक प्रबंधन करने तथा मिट्टी में मिलाकर उर्वरा शक्ति बढ़ाने की अपील की।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture





