राज्य कृषि समाचार (State News)

बायो रिसोर्स सेंटर का छिंदवाड़ा कलेक्टर ने किया निरीक्षण

06 जून 2026, छिंदवाड़: बायो रिसोर्स सेंटर का  छिंदवाड़ा कलेक्टर ने किया निरीक्षण – कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने शुक्रवार को विकासखंड बिछुआ के ग्राम सामरबोह स्थित कृषक श्री रामचरण राउत के बायो रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) एवं प्राकृतिक खेती प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि कृषक श्री रामचरण राउत पिछले 6 से 8 वर्षों से लगभग 2.5 एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उनके द्वारा लौकी, गिलकी, टमाटर, भिंडी, बरबटी (बीन्स), सोयाबीन तथा अंतर्वर्ती फसल के रूप में हरी धनिया का उत्पादन किया जा रहा है। खेत में जीवामृत, घनजीवामृत, ट्राइकोडर्मा, स्यूडोमोनास, वेस्ट डी-कंपोजर, ब्रह्मास्त्र, बोर्डो मिश्रण, बेवेरिया बेसियाना तथा बायो डाइजेस्टर यूनिट के माध्यम से जीवामृत तैयार किया जा रहा है। कृषक द्वारा प्राकृतिक खेती के लिए 8 से 10 देशी पशुओं का पालन भी किया जा रहा है तथा खेती के साथ फलदार वृक्ष लगाकर अतिरिक्त आय अर्जित की जा रही है। किसान श्री राउत ने बताया कि उनके द्वारा उत्पादित जैविक फसलों का विक्रय प्रत्येक शनिवार को गुरैया सब्जी मंडी, छिंदवाड़ा में आयोजित जैविक हाट बाजार में किया जाता है, जहां उन्हें उत्पादों के अच्छे दाम प्राप्त होते हैं।

कलेक्टर श्री नारायन ने कृषक के नवाचारों एवं प्राकृतिक खेती के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती वर्तमान समय की आवश्यकता है। इससे खेती की लागत कम होती है, मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और किसानों की आय में वृद्धि होती है। उन्होंने कृषक श्री राउत को आसपास के अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम चौरई श्री प्रभात मिश्रा, उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह, उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.एच.जी.एस.पक्षवार, उप संचालक उद्यानिकी श्री एम.एल.उईके, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक श्री आर.के.झाड़े, तहसीलदार सुश्री मोनिका विश्वकर्मा, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री अरविंद जावरे, बीटीएम आत्मा श्रीमती स्मिता पाटिल सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements