छिंदवाड़ा : बकरी इकाई प्रदाय योजना के तहत हितग्राहियों को मिला लाभ
02 जून 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा : बकरी इकाई प्रदाय योजना के तहत हितग्राहियों को मिला लाभ – मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पशुपालन एवं डेयरी विभाग के माध्यम से संचालित (10+1) बकरी इकाई योजना के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं एवं किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। योजना के तहत 10 मादा बकरियाँ एवं 1 नर बकरा प्रदान किया जाता है, जिसमें 5 वर्ष का बीमा तथा प्रारंभिक 3 माह के लिए चारे की राशि भी शामिल है।
योजना की कुल लागत लगभग ₹77,456 निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 60 प्रतिशत अनुदान (लगभग ₹46,474) तथा अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को 40 प्रतिशत अनुदान (लगभग ₹30,982) प्रदान किया जाता है। शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। योजना का लाभ मध्यप्रदेश के मूल निवासी ग्रामीण, भूमिहीन, सीमांत एवं लघु कृषकों को दिया जा रहा है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट आवश्यक है। इच्छुक आवेदक अपने निकटतम पशु चिकित्सा अधिकारी अथवा पशु चिकित्सालय में संपर्क कर सकते हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से 4 अप्रैल 2026 को हुई भेंट में दिए गए निर्देशानुसार विशेष चिन्हित तीन हितग्राहियों को बकरी इकाई प्रदाय योजना का लाभ प्रदान करते हुए अनुदान राशि स्वीकृति आदेश आज 1 जून 2026 को कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के हस्ते संबंधित हितग्राहियों को वितरित किए गए। योजना से लाभान्वित हितग्राहियों में अन्य पिछड़ा वर्ग से श्री फकीर फरकारे एवं श्री बृजलाल विश्वकर्मा तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग से श्री कैलाश इवनाती शामिल हैं। सभी हितग्राही जिले के विकासखंड मोहखेड़ के ग्राम करेर के निवासी हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

