राज्य कृषि समाचार (State News)

फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों की आड़ में शासन को 55 लाख की हानि पहुंचाई

 17 आरोपियों पर एफ आई आर दर्ज

05 जून 2026, जबलपुरफार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों की आड़ में शासन को 55 लाख की हानि पहुंचाई – फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों की आड़ में वर्ष 2023-24 में उपार्जन कार्य के दौरान शासन को आर्थिक क्षति पहुँचाने के दो अलग-अलग मामलों में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के आदेश पर कृषि विभाग द्वारा 17 व्यक्तियों के विरुद्ध पाटन और विजय नगर थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

उप संचालक कृषि श्री उमेश कुमार कटहरे से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन कंपनियों के संचालकों ने उपार्जन कार्य में प्रासंगिक व्यय और कमीशन के नाम पर शासन को 55 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक हानि पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि पहले प्रकरण में विजय नगर थाने में बिल्किसगंज फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के 6 डायरेक्टर्स और 3 कर्मचारियों के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज कराई गई है। इस कंपनी के डायरेक्टर और कर्मचारियों ने अवैध रूप से 15 लाख 72 हजार 802 रुपये की राशि अर्जित कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई है। इस मामले में पुलिस ने विजय नगर निवासी बनप सिंह वर्मा, संदीप दुबे, सचिन दुबे, अंशुल बर्मन, सुधीर दुबे, विनोद पटेल, संजय हल्दकार और साहिल पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338 एवं 3(5) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया है.

दूसरे प्रकरण में पाटन थाने में बेगमगंज सीड प्रोड्यूसर लिमिटेड के विरुद्ध मामला दर्ज हुआ है, जहाँ कंपनी के डायरेक्टरों ने कूटरचित दस्तावेजों, और फर्जी नियुक्तियों के जरिए शासन को 39 लाख 67 हजार 781 रुपये की क्षति पहुँचाई है। इस प्रकरण में कंपनी के 6 डायरेक्टर सचिन दुबे, रंजना पांडे, संदीप दुबे, अंशुल वर्मन, नेहा पांडे, उमा सिंह तथा 3 कर्मचारी मनीष चौरसिया, कमलेश साहू और नीलेश विश्वकर्मा को नामजद किया गया है, जिन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338 एवं 3(5) के तहत कानूनी कार्यवाही की जा रही है. दोनों फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों के डायरेक्टरों ने कर्मचारियों के साथ मिलकर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से कंपनी को प्रासंगिक व्यय, हैंडलिंग और कमीशन की भुगतान की गई राशि अपने खाते में जमा करा ली थी।

दोनों फ़ार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों के डायरेक्टरों द्वारा की गई इस फर्जीवाडे की शिकायत किसान मजदूर महासंघ जबलपुर के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह द्वारा कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह को की गई थी। कलेक्टर श्री सिंह ने जांच दल गठित कर इन शिकायतों की जांच करने के आदेश दिये थे। जांच में कंपनियों द्वारा प्रस्तुत बैंक खातों और किसानों की सूचियों को पूरी तरह फर्जी पाया गया था। दोनों फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों के संचालकों और कर्मचारियों के विरुद्ध कृषि विभाग की ओर से एफ आई आर सहायक संचालक कृषि रवि आम्रवंशी द्वारा दर्ज कराई गई है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture