राज्य कृषि समाचार (State News)

बुरहानपुर: प्राकृतिक आपदा प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री श्री सिलावट

06 जून 2026, बुरहानपुरबुरहानपुर: प्राकृतिक आपदा प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री श्री सिलावट –  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल संसाधन विभाग एवं प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट बुरहानपुर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की पीड़ा को समझने और राहत कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरूवार को ग्राम खामनी एवं टेम्भी पहुंचे। उन्होंने प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर फसल नुकसानी का अवलोकन किया तथा किसानों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और चिंताओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।किसानों के बीच बैठकर प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के दुख-दर्द में सहभागी है और संकट के इस दौर में किसी भी प्रभावित किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित प्रत्येक पात्र अन्नदाता को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

4 दिवस के भीतर सर्वे पूर्ण करने के निर्देश-  ग्राम टेम्भी में कृषक श्री मधुकर पिता विश्वनाथ के खेत में पहुंचकर प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने केला फसल को हुए नुकसान का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर जिला केला उत्पादन के लिए प्रदेश और देश में विशेष पहचान रखता है तथा ‘‘एक जिला-एक उत्पाद’’ योजना के अंतर्गत केला जिले की प्रमुख फसल है। ऐसे में किसानों को हुए नुकसान के आकलन एवं राहत वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

‘‘न कोई गांव छूटे, न कोई किसान’’-  ग्राम खामनी एवं दर्यापुर रै. में आयोजित किसान चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फसल क्षति का सर्वे किसानों की उपस्थिति में, पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने तहसीलदारों, पटवारियों एवं सर्वे दलों को खेतों तक पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता एवं लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि सर्वे कार्य में कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

4 दिवस में सर्वे पूर्ण करने एवं आरबीसी 6-4 के तहत शीघ्र प्रकरण तैयार करने के निर्देश–  प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कलेक्टर श्री हर्ष सिंह को निर्देशित किया कि आरबीसी 6-4 के अंतर्गत नियमानुसार प्रकरण तैयार कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राहत वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी एवं पात्रता आधारित होनी चाहिए, जिससे प्रभावित किसानों को शीघ्र लाभ मिल सके। जानकारी अनुसार गत दिनों आयी प्राकृतिक आपदा से जिले के करीब 169 ग्रामों के 4,000 से अधिक किसान प्रभावित हुए है। प्रभावित क्षेत्र का अनुमानित रकबा 5473.38 हे. है। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि सर्वेक्षण दल अन्नदाताओं की भावनाओं एवं सरकार की मंशानुसार सर्वेक्षण कार्य करें।

अन्नदाताओं को दिया भरोसा, समस्याओं के लिए सीधे संपर्क का आग्रह –  प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने किसानों से कहा कि वे किसी भी प्रकार की चिंता न करें। प्रदेश सरकार उनकी हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी किसान को सर्वे अथवा राहत संबंधी कोई समस्या आती है तो वह सीधे उनसे संपर्क कर अपनी बात रख सकता है।प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में हुई फसल क्षति के संबंध में वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा करेंगे तथा यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि किसानों को अधिकतम राहत एवं सहायता का लाभ प्राप्त हो।

ग्राम खामनी एवं दर्यापुर रै. में सीधे संवाद हेतु चौपाल का आयोजन, सर्वे रिपोर्ट पंचायतों में चस्पा करने का सुझाव –  किसान संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने सुझाव दिया कि सर्वे रिपोर्ट संबंधित ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाए, ताकि क्षेत्र के किसान उससे अवगत हो सकें। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान को सर्वे रिपोर्ट पर आपत्ति हो तो उसकी निष्पक्ष जांच की जाए तथा संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अंतिम सूची पुनः सार्वजनिक की जाए। वहीं नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू ने नेपानगर क्षेत्र में हुई फसल क्षति की जानकारी से प्रभारी मंत्री श्री सिलावट को अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्को, जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी सहित अन्य अधिकारी गण, ग्रामीण जन मौजूद रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agricultur