राज्य कृषि समाचार (State News)

बैतूल: डेयरी यूनिट से हर माह हो रही 85 हजार की आय

02 जून 2026, बैतूलबैतूल: डेयरी यूनिट से हर माह हो रही 85 हजार की आय – घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम बाकुड़ में स्थापित स्वास्तिक डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार और कृषि आधारित उद्यमिता का सफल उदाहरण बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत स्थापित यह यूनिट सुश्री उमा विश्वकर्मा के नाम से स्वीकृत है।

यूनिट संचालक श्री जुगल किशोर ने बताया कि वर्ष 2025-26 में बैंक ऑफ महाराष्ट्र से 15 लाख 53 हजार 175 रुपये का ऋण प्राप्त कर डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की गई है। यूनिट द्वारा ग्राम बाकुड़ एवं आसपास के गांवों से प्रतिदिन दूध संग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र के दुग्ध उत्पादक किसानों से प्रतिदिन 200 से 250 लीटर दूध खरीदा जा रहा है। दूध का मूल्य फैट के आधार पर निर्धारित किया जाता है तथा किसानों को लगभग 50 से 60 रुपये प्रति लीटर की दर से भुगतान उनके बैंक खातों में 10 दिन के अंतराल पर किया जाता है। यूनिट में वर्तमान में 5 से 6 लोगों को रोजगार भी प्राप्त हो रहा है।

सुश्री उमा विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने पूर्व में एक डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट में कार्य कर आवश्यक प्रशिक्षण एवं अनुभव प्राप्त किया था। उन्होंने बताया कि बैंक ऋण की किश्त एवं अन्य व्यय घटाने के बाद उन्हें प्रतिमाह लगभग 85 हजार रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यूनिट सेमी-ऑटोमेटिक प्रणाली से संचालित है। भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए फुल ऑटोमेटिक मशीन स्थापित करने की योजना है।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने किया  निरीक्षण –  कलेक्टर डॉ.सौरभ संजय सोनवणे ने विगत दिनों विकासखंड घोड़ाडोंगरी के ग्राम बाकुड़ में उद्यानिकी विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना से स्थापित स्वास्तिक डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यूनिट के संचालन, उत्पादन प्रक्रिया तथा किसानों को किए जा रहे भुगतान की जानकारी ली। उन्होंने इसे ग्रामीण महिलाओं की उद्यमिता और आत्मनिर्भरता का प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार स्थापित करने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements