राज्य कृषि समाचार (State News)

बालाघाट : प्राकृतिक-जैविक खेती और उन्नत कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी आयोजित

05 सितंबर 2026, बालाघाटबालाघाट : प्राकृतिक-जैविक खेती और उन्नत कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी आयोजित – बलराम जयंती के अवसर पर जटाशंकर त्रिवेदी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा उन्नत कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कृषि विभाग एवं आत्मा समिति के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी में प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों द्वारा उत्पादित विभिन्न जैविक उत्पाद, जैविक खाद, बीज, अनाज एवं सब्जियों को स्टॉल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। विभागीय अमले एवं कृषि सखियों ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती की विभिन्न विधियों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को जीवामृत, घन जीवामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र एवं दशपर्णी अर्क बनाने की विधि के बारे में भी विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने रसायन मुक्त खेती और रसायन मुक्त आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन के लिए प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।कृषि अभियांत्रिकी विभाग की ओर से कृषि यंत्री श्री जे.एस. धुर्वे द्वारा आधुनिक एवं उन्नत खेती में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई।

विद्यार्थियों को इन कृषि यंत्रों की उपयोगिता एवं संचालन के संबंध में जानकारी दी गई। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार कृषि यंत्रों की खरीद के लिए ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर विभागीय अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से कृषि यंत्रों से संबंधित स्वरोजगार के अवसरों की भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कृषि विभाग से सहायक संचालक कृषि श्री राजेश कुमार खोबरागड़े, आत्मा समिति से श्री कुलराज रघुवंशी, आयुषी ऊके, स्वाति शुक्ला, दीपिका चौधरी एवं श्वेता वानखेड़े, कृषि महाविद्यालय वारासिवनी से डॉ. रमेश अमूले, कृषि सखियां श्रीमती सीमा एडे, मंजुलता, सुलेखा, प्रमिला लिल्हारे एवं संजू नागपुरे तथा जटाशंकर त्रिवेदी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से डॉ. प्रतिमा बिसेन, कंचन मसराम सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture