Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

ऑटोमेशन तकनीक से सुधरी मिट्टी की सेहत, आलू उत्पादन में हुई वृद्धि

गवली पलासिया के किसान गणेश पाटीदार ने किया नवाचार

04 नवंबर 2026, इंदौर: ऑटोमेशन तकनीक से सुधरी मिट्टी की सेहत, आलू उत्पादन में हुई वृद्धि – खेती में आधुनिक तकनीक और नवाचार का उपयोग किस तरह किसानों की समस्याओं का समाधान कर सकता है, इसकी एक सफल मिसाल इंदौर जिले के गवली पलासिया के किसान श्री गणेश पाटीदार ने प्रस्तुत की है। मिट्टी का पीएच मान अधिक होने के कारण फसल उत्पादन में आ रही गिरावट को उन्होंने ऑटोमेशन तकनीक के माध्यम से दूर करने में सफलता हासिल की है। इस तकनीक से न केवल मिट्टी में पोषक तत्वों के प्रबंधन में मदद मिली है, बल्कि आलू और लहसुन की फसल के उत्पादन में भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

गवली पलासिया के किसान श्री गणेश पाटीदार पिछले कुछ वर्षों से अपने खेत में आलू की पैदावार और लहसुन की जड़ों की वृद्धि में कमी महसूस कर रहे थे। समस्या के कारणों को जानने के लिए उन्होंने कृषि विशेषज्ञों से परामर्श लिया और मिट्टी की जांच कराई। जांच में सामने आया कि उनके खेत की मिट्टी का पीएच मान 8.2 से अधिक हो गया है। मिट्टी के अधिक क्षारीय होने से आयरन, जिंक और फास्फोरस जैसे आवश्यक पोषक तत्वों की उपलब्धता प्रभावित हो रही थी। इससे फसलों की वृद्धि और उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।

इस समस्या के समाधान के लिए श्री पाटीदार ने सिंचाई के पानी का पीएच मान नियंत्रित करने तथा पानी के साथ आवश्यक पोषक तत्वों को फसलों तक पहुंचाने का निर्णय लिया। इसी दिशा में उद्यानिकी विभाग के सहयोग से उनके खेत में सेंसर आधारित ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित किया गया। इस तकनीक के माध्यम से सिंचाई और पोषक तत्वों के प्रबंधन को व्यवस्थित किया गया, जिसके परिणाम अब खेत में दिखाई देने लगे हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

दो लाख रुपये तक के अनुदान से उद्यानिकी विभाग कर रहा किसानों को प्रोत्साहित –  उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों की उत्पादन संबंधी समस्याओं के समाधान और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना तथा एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत ‘प्रमोशन ऑफ सेंसर बेस्ड ऑटोमेशन सिस्टम फॉर फर्टिगेशन इन हॉर्टिकल्चर क्रॉप्स’ नवाचार प्रारंभ किया गया है। इसके तहत किसानों को ऑटोमेशन सिस्टम की स्थापना के लिए दो लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सिंचाई, उर्वरक प्रबंधन और फसल उत्पादन को अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक बनाना है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

आलू उत्पादन में 70 से बढ़कर 90 बोरी तक पहुंची पैदावार – ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित होने के बाद श्री गणेश पाटीदार के खेत में उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। जिस खेत में पहले आलू का उत्पादन लगभग 70 बोरी होता था, वहां अब करीब 90 बोरी तक उत्पादन मिलने लगा है। लहसुन की फसल में भी जड़ों की वृद्धि और विकास में सुधार हुआ है। वे पिछले लगभग पांच वर्षों से अपनी फसलों के उत्पादन का आकलन कर रहे हैं। अब इस सिस्टम की मदद से पानी के साथ आवश्यक माइक्रो न्यूट्रिएंट्स और जैविक तत्वों का प्रबंधन भी कर रहे हैं। इसके अलावा फसलों में कीट नियंत्रण के लिए माइक्रो स्प्रिंकलर तकनीक का उपयोग भी किया जा रहा है।

इंदौर जिले के किसानों को भी मिल रहा आधुनिक तकनीक का लाभ – उद्यानिकी विभाग के उप संचालक श्री त्रिलोक सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा इस नवाचार के तहत वर्ष 2025 में गवली पलासिया, जामली और मेण गांव के किसानों के खेतों में ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित कराए गए हैं। इसी क्रम में वर्ष 2026-27 के दौरान महू (जामली), देपालपुर, सांवेर और इंदौर जनपद के सात किसानों के लिए भी ऐसे सिस्टम स्वीकृत किए गए हैं। इससे जिले में आधुनिक उद्यानिकी तकनीक को बढ़ावा मिल रहा है और किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।

सेंसर तकनीक से जरूरत के अनुसार सिंचाई और उर्वरक प्रबंधन – ऑटोमेशन सिस्टम में लगे स्मार्ट सेंसर मिट्टी की नमी और तापमान के आधार पर सिंचाई का प्रबंधन करने में मदद करते हैं। इससे फसल की आवश्यकता के अनुसार पानी दिया जा सकता है। सिस्टम के माध्यम से पानी के साथ घुलनशील उर्वरकों एवं आवश्यक पोषक तत्वों को भी फसलों तक पहुंचाना आसान होता है। आधुनिक कृषि में सेंसर, जीपीएस आधारित मशीनों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों का उपयोग सिंचाई, खेत की तैयारी, बुवाई तथा रोग एवं कीटों की पहचान में भी उपयोगी साबित हो रहा है।

इंदौर सहित पूरे मालवा क्षेत्र में आलू, प्याज, सब्जियों, उच्च मूल्य वाले फलों के साथ गेहूं और सोयाबीन जैसी फसलों की खेती में भी आधुनिक ऑटोमेशन तकनीक की व्यापक संभावनाएं हैं। किसान गणेश पाटीदार की सफलता इस बात का उदाहरण है कि वैज्ञानिक तकनीक, विभागीय सहयोग और नवाचार के समन्वय से खेती की चुनौतियों को अवसर में बदला जा सकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture