अपेक्स बैंक का ₹120 करोड़ का लाभ, किसान कल्याण पर विशेष जोर
3.35 लाख नए किसान सहकारिता से जुड़े, ₹25 हजार करोड़ से अधिक फसल ऋण का लक्ष्य
22 अगस्त 2026, भोपाल: अपेक्स बैंक का ₹120 करोड़ का लाभ, किसान कल्याण पर विशेष जोर – मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) की 62वीं वार्षिक साधारण सभा शुक्रवार को टी.टी. नगर स्थित सुभाष यादव भवन में संपन्न हुई। सभा में बैंक की वित्तीय उपलब्धियों, सहकारिता के विस्तार और किसानों को अधिक प्रभावी ढंग से ऋण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
सभा की अध्यक्षता करते हुए अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि बैंक विगत वर्षों में व्यावसायिक रूप से निरंतर प्रगति कर रहा है और सहकारी क्षेत्र में भी अपनी प्रभावी पहचान बनाने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रमुख लक्ष्य सहकारिता को अधिक व्यापक बनाते हुए किसानों तक शासन की योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना है।
3.35 लाख नए किसान सहकारिता से जुड़े
श्री यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के उन करीब 10 लाख किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है, जो अब तक सहकारिता से नहीं जुड़े थे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 10 संभागों और 27 जिलों के प्रवास के दौरान अब तक करीब 3 लाख 35 हजार नए किसानों को पैक्स का सदस्य बनाने की दिशा में कार्य किया गया है। नए सदस्य बनने वाले किसान सहकारी व्यवस्था के माध्यम से एक वर्ष के लिए 3 लाख रुपये तक का फसल ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष सहकारिता के माध्यम से प्रदेश के किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का फसल ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
नए सदस्यों के लिए केसीसी अभियान
श्री यादव ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 20 अगस्त से 15 सितंबर तक नवीन सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गैर-सदस्य किसानों को पैक्स से जोड़कर नए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जारी किए जाएंगे। रबी सीजन के लिए किसानों को खाद का अग्रिम उठाव भी शून्य प्रतिशत ब्याज की सुविधा के साथ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केसीसी जारी करने की प्रक्रिया को और सरल एवं तेज बनाने के लिए अपेक्स बैंक द्वारा जल्द ही एक विशेष पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से शाखा अथवा समिति स्तर पर किसानों के ऋण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण में मदद मिलेगी।
प्रदेश की सभी 4,526 पैक्स कम्प्यूटरीकृत
अपेक्स बैंक प्रशासक ने बताया कि मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां प्रदेश की सभी 4,526 पैक्स समितियों का कम्प्यूटरीकरण पूरा हो चुका है। अब किसानों को शीघ्र ही ऑनलाइन पासबुक प्रिंटिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
सहकारिता के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बैंक की पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में करीब एक लाख पौधों का रोपण भी किया गया है।
1,500 पदों की भर्ती परीक्षा का परिणाम जल्द
श्री महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अपेक्स बैंक द्वारा आईबीपीएस के माध्यम से समिति प्रबंधक, कम्प्यूटर ऑपरेटर और शाखा प्रबंधक के 1,500 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम शीघ्र जारी किया जाएगा। इससे सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सक्षम और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
अपेक्स बैंक ने कमाया ₹120 करोड़ का शुद्ध लाभ
अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता ने आमसभा में विगत वित्तीय वर्ष का लेखा-जोखा और आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं की जानकारी देते हुए बताया कि अपेक्स बैंक ने वित्तीय वर्ष में 120 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
आमसभा में निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले जिला सहकारी बैंकों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया गया। झाबुआ जिला सहकारी बैंक को प्रथम और मुरैना को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा छतरपुर के सीईओ श्री आरज़ू इकबाल खान, श्री श्यामवीर सिंह गुर्जर तथा श्री शिवम शाह को सम्मानित किया गया।
पैक्स कम्प्यूटरीकरण एवं प्रतिदिन डे-क्लोज की उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए उज्जैन जिला बैंक के श्री उमेश बामने तथा बेस्ट फैकल्टी के लिए श्रीमती स्निग्धा शुक्ला को भी सम्मानित किया गया।
आमसभा में अपेक्स बैंक के संचालक श्री करुणेंद्र सिंह, नाबार्ड के महाप्रबंधक श्री एस.सी. साहू, आयुक्त सहकारिता के प्रतिनिधि श्री एच.एस. बाघेला, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्रीमती अरुणा दुबे, श्री अरुण मिश्र, श्री अरविन्द बौद्ध, शीर्ष संस्थाओं के प्रबंध संचालक श्री महेंद्र दीक्षित, श्री रितुराज रंजन एवं श्री आर.एस. विश्वकर्मा, बैंक के वरिष्ठ अधिकारी श्री आशीष राजोरिया, श्री विवेक मलिक, श्री करुण यादव एवं श्री समीर सक्सेना सहित प्रदेश के सभी जिला सहकारी बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

