राज्य कृषि समाचार (State News)

आलीराजपुर: श्री अन्न व्यंजन महोत्सव का आयोजन किया

24 जून 2026, आलीराजपुरआलीराजपुर: श्री अन्न व्यंजन महोत्सव का आयोजन किया – कृषि विज्ञान केंद्र आलीराजपुर परिसर में प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं श्री अन्न (मिलेट्स) व्यंजन महोत्सव का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद श्रीमती अनीता चौहान, जिला अध्यक्ष श्री मकू परवाल, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह भदौरिया, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. राकेश यादव, उप संचालक कृषि श्री डावर, आत्मा परियोजना श्री दादू मोरे सहित बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत विशेष दुपट्टों तथा हस्तनिर्मित पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। दुपट्टों पर “मोटा अनाज खाएं, बेहतर स्वास्थ्य पाएं” तथा “स्वस्थ जीवन का आधार बाजरा, रागी और ज्वार” जैसे प्रेरक संदेश अंकित थे।

 श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि सभी किसानों को अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनाना चाहिए। इससे किसानों को उनकी भूमि के अनुसार खाद एवं बीज ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था से जुड़ने पर किसानों को घर बैठे सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा भूमि अभिलेखों में भी सुधार होगा। इससे किसानों की पात्रता के अनुसार खाद एवं बीज वितरण सुनिश्चित होगा और खाद की चोरी जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। कैबिनेट मंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी प्राकृतिक खेती और श्री अन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए किसानों को निरंतर प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से गोबर खाद,जैविक खाद आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने तथा रासायनिक खादों का न्यूनतम उपयोग करने का आग्रह किया, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहे और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार किसान हितैषी योजनाओं के प्रति लगातार प्रतिबद्ध है तथा बताया कि किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों को कृषि के साथ-साथ पशुपालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन जैसे कृषि आधारित व्यवसाय अपनाकर आय बढ़ाने की सलाह दी। वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक नीम, आम एवं महुआ जैसे पौधे लगाने का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर प्राकृतिक खेती पर आधारित एक लघु डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया। जिसमें सांसद श्रीमती अनीता चौहान ने कृषि विज्ञान केंद्र में प्राकृतिक खेती से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हुए थी। उन्होंने स्वयं सहभागी बनकर महिलाओं के साथ जीवामृत जैसे जैविक खाद के निर्माण की प्रक्रिया को समझा तथा किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की।

 उप संचालक कृषि  श्री डावर ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि जिले में खाद का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कृषि विज्ञान केंद्र वैज्ञानिक डॉ. राकेश यादव ने प्राकृतिक खेती के उद्देश्यों एवं लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री अन्न को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों द्वारा पारंपरिक बीजों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही महिला समूहों द्वारा मोटे अनाजों से तैयार विभिन्न व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया। प्रदर्शनी में ज्वार एवं चॉकलेट से बनी ब्राउनी, ज्वार स्ट्रॉबेरी केक, ज्वार नाचोज अचारी, ज्वार-रागी कुकीज, पापड़, खिचड़ा, बड़े सहित अनेक पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements