State News (राज्य कृषि समाचार)

मध्यप्रदेश में कृषि विविधीकरण के श्रेष्ठ परिणाम आएंगे : श्री चौहान

Share

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर एवं केन्द्रीय उर्वरक मंत्री श्री मांडविया से की मुलाकात

3 जनवरी 2022, भोपाल । मध्यप्रदेश में कृषि विविधीकरण के श्रेष्ठ परिणाम आएंगे : श्री चौहान – मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों को मध्यप्रदेश के लिए योजनाओं में दी गई स्वीकृतियों के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर को मध्यप्रदेश में कृषि क्षेत्र में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों और उनके फॉलोअप की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रुप से कृषि विविधीकरण के लिये किये जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि विविधीकरण के क्षेत्र में ठोस कार्य कर श्रेष्ठ परिणाम सामने लाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मिलेट मिशन, खाद्य और कृषि उत्पादों के प्र-संस्करण कार्य को गति देने की योजना तैयार है। किसानों को प्राकृतिक खेती और मुख्य फसलों गेहूं, चना, धान और सोयाबीन के अलावा चंदन की खेती और बाँस उत्पादन के लिए आवश्यक सुविधाएँ देकर प्रेरित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री मनसुख मांडविया से भेंट कर मध्यप्रदेश में कृषकों की आवश्यकता के अनुसार यूरिया की आपूर्ति के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि वे नियमित समीक्षा कर प्रत्येक जिले में खाद और यूरिया आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं। इस संबंध में सभी कलेक्टर्स को भी निर्देशित किया गया है। केंद्रीय रसायन मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक की उपलब्धता के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश को भविष्य में भी पर्याप्त यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया।

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *