अब मोबाइल से किराए पर मिलेंगे कृषि यंत्र, जे-फार्म ऐप से आसान हुई बुकिंग
17 जून 2026, भोपाल: अब मोबाइल से किराए पर मिलेंगे कृषि यंत्र, जे-फार्म ऐप से आसान हुई बुकिंग – कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा बालाघाट जिले में ‘जे फार्म ऐप’ (J-Farm App) के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब बालाघाट जिले के किसान घर बैठे ही आधुनिक कृषि यंत्र किराए पर बुक कर सकेंगे।
यह सुविधा विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी, जो महंगे कृषि उपकरण खरीदने में सक्षम नहीं हैं। कृषि उप संचालक फूल सिंह मालवीय ने बताया कि जे फार्म ऐप किसानों और कृषि यंत्र मालिकों के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य कर रहा है। यह प्लेटफॉर्म कैब सेवा की तर्ज पर कार्य करता है, जहां किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार ट्रैक्टर, सुपर सीडर, बेलर, रोटावेटर, कल्टीवेटर सहित अन्य कृषि उपकरण किराए पर प्राप्त कर सकते हैं। इससे खेती की लागत कम होने के साथ-साथ समय की भी बचत होगी।
सैकड़ों आधुनिक उपकरण किसानों के लिए उपलब्ध
जिले में वर्तमान में इस ऐप पर बड़ी संख्या में आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध हैं। किसानों के लिए 62 सुपर सीडर तथा 58 बेलर मशीनें पंजीकृत हैं। इसके अलावा जुताई, बुआई और कटाई से संबंधित अनेक आधुनिक उपकरण भी बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं।
जे फार्म ऐप पर कैसे करें बुकिंग
जे फार्म ऐप का उपयोग करना बेहद सरल है। किसान अपने एंड्रॉयड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से जे फार्म ऐप डाउनलोड कर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।
इसके बाद जिला, विकासखंड और गांव की जानकारी दर्ज कर अपने क्षेत्र में उपलब्ध कृषि यंत्रों की सूची देख सकते हैं। आवश्यक यंत्र का चयन कर किराया, तिथि और समय निर्धारित करते हुए ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। बुकिंग स्वीकार होने पर संबंधित यंत्र मालिक की जानकारी किसान को उपलब्ध करा दी जाती है और निर्धारित समय पर मशीन खेत तक पहुंच जाती है।
जिन किसानों के पास स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं हैं, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या कृषि मित्र की सहायता से भी कृषि यंत्रों की बुकिंग करा सकते हैं।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि जे फार्म ऐप जैसी डिजिटल पहल कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों की उत्पादन लागत कम करने और आधुनिक तकनीकों को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। जिले में इस सुविधा के विस्तार से अधिकाधिक किसान आधुनिक कृषि उपकरणों का लाभ लेकर खेती को अधिक लाभकारी बना सकेंगे। जिले में वर्तमान में कुल 84 सुपर सीडर मशीनें है, लेकिन इनमें से 62 सुपर सीडर मालिक ही जे फार्म एप पर उपलब्ध है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Pap

