Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

देपालपुर तहसील के उन्नत किसान श्री पटेल बने इंदौर जिला पंचायत उपाध्यक्ष

13 अगस्त 2022, देपालपुर: (शैलेष  ठाकुर, देपालपुर ) देपालपुर तहसील के उन्नत किसान श्री पटेल बने इंदौर जिला पंचायत उपाध्यक्ष – देपालपुर तहसील के गांव चित्तौड़ा के उन्नत किसान और कृषक जगत के नियमित पाठक श्री भारत पटेल इंदौर जिला पंचायत के उपाध्यक्ष बने हैं। वे एक सफल किसान के साथ -साथ समाजसेवा, राजनीति  व कृषि क्षेत्र में कई युवा किसानों की प्रेरणा के केंद्र बन चुके  हैं । श्री पटेल ने विभिन्न फसलों में समय-समय पर नवाचार किया और अच्छा उत्पादन भी हासिल किया। सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार से सम्मानित श्री पटेल अपने कार्य, व्यवहार और सहयोग के लिए क्षेत्र में लोकप्रिय हैं। देपालपुर तहसील के एक किसान का जिला पंचायत का उपाध्यक्ष बनना क्षेत्र के किसानों के लिए गर्व का विषय है।

देपालपुर तहसील के उन्नत किसान 

उल्लेखनीय है कि श्री पटेल शुरू से ही अपनी सकारात्मक सोच ,आधुनिक तकनीक व कठिन परिश्रम की बदौलत फसलों का श्रेष्ठ उत्पादन लेने के लिये जाने जाते हैं ।श्री पटेल  शुरू से ही अपनी फसल की उत्पादकता बढ़ाने के लिए खेत में नए -नए परीक्षण और प्रयोग करते आ रहे हैं। 2014 में इन्होंने नवाचार करते हुए रेज्ड बेड पद्धति से डॉलर चना बोकर अच्छा उत्पादन लिया था। जिसकी सराहना दलहन अनुसन्धान केंद्र , कानपुर द्वारा की गई थी।  इसी तरह अपनी सूझबूझ और मेहनत से सोयाबीन में भी अच्छा उत्पादन कर 2018 में जिले में सर्वोत्तम कृषक का पुरुस्कार प्राप्त किया था। गत रबी सीजन में इन्होंने आलू का करीब 450  क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन ले कर किसानों और अधिकारियों को आश्चर्यचकित कर दिया था। श्री पटेल की उपलब्धियों के समाचार यथा समय कृषक जगत में प्रकाशित हुए थे।

श्री  पटेल ने कृषक जगत को बताया कि  मेरी प्राथमिकता रहेगी कि गांव से खेत तक के कच्चे रास्तों को लेकर सरकार कोई ठोस नीति बनाए , जिससे कि किसान समय पर सुरक्षित तरीके से अपनी फसल अपने घर ला सके, योग्य एवं  पात्र किसानों को समय पर सरकारी सब्सिडी का लाभ मिले, आधुनिक, प्राकृतिक व संतुलित खेती के जरिये किसानों को कम लागत में अधिक गुणवत्तापूर्ण फसल उत्पादन मिले।  जिले के ग्रामीणो को उच्च शिक्षा व बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान हो। कीचड़ एवं  गन्दगी मुक्त गांव हो और गरीबों  को प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य हितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

बता दें कि अपनी मिलनसारिता,अच्छे व्यवहार और योग्यता के चलते भाजपा द्वारा श्री पटेल को जिला पंचायत सदस्य का टिकट  दिया  गया  जिसमें इन्होंने विजय प्राप्त की तो फिर पार्टी ने उपाध्यक्ष के लिए मनोनीत किया। उसमें भी जीत हासिल कर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बने। एक किसान का जिला पंचायत उपाध्यक्ष बनने पर देपालपुर और जिले के किसान वर्ग में खुशी माहौल है। क्षत्रिय कलोता समाज, युवा संगठन ,संस्था निर्भय,भूमि पुत्र,जय किसान ग्रुप आदि संस्थाओं और किसानों ने बधाई दी।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

महत्वपूर्ण खबर: शुभम को ग्रीष्मकालीन मूंग का मिला बेहतर उत्पादन