राज्य कृषि समाचार (State News)

प्राकृतिक खेती अपनाकर नरसिंहपुर के किसान प्रीतम लोधी की घटी लागत, सालाना 65 हजार रुपये की बचत  

06 मार्च 2026, भोपाल: प्राकृतिक खेती अपनाकर नरसिंहपुर के किसान प्रीतम लोधी की घटी लागत, सालाना 65 हजार रुपये की बचत – आत्मा परियोजना के अंतर्गत नरसिंहपुर जिले में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए नवाचार के रूप में किसानों के यहां बायोडायजेस्टर ट्यूब स्थापित किए जा रहे हैं। इन बायोडायजेस्टर के माध्यम से जैविक खाद तैयार कर खेती में उपयोग किया जा रहा है, जिससे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम हो रही है और खेती अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी बन रही है।

इसी क्रम में परियोजना संचालक आत्मा आरपी झारिया एवं नरसिंहपुर के बीटीएम अरुण परतेती ने ग्राम मचवारा के कृषक प्रीतम लोधी के फार्म का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेत पर स्थापित बायोडायजेस्टर ट्यूब तथा प्राकृतिक खेती की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और किसान को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

कृषक प्रीतम लोधी द्वारा आत्मा परियोजना के मार्गदर्शन में लगभग 4 एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है। इस खेती के अंतर्गत गन्ना, अरहर, चना, मटर, धनिया एवं आलू जैसी विभिन्न फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। प्राकृतिक खेती अपनाने से भूमि की उर्वरता में सुधार के साथ-साथ उत्पादन लागत में भी कमी आ रही है।

कृषक प्रीतम लोधी ने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से उर्वरक एवं कीटनाशकों पर होने वाले खर्च में वर्षभर में लगभग 65 हजार रुपये की बचत हो रही है। साथ ही परिवार को सेहत के लिए शुद्ध, पौष्टिक और सुरक्षित भोजन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में बाजार में जैविक अनाज की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे भविष्य में प्राकृतिक रूप से उगाई गई फसलों के बेहतर दाम मिलने की संभावना है।

आत्मा परियोजना के माध्यम से जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को निरंतर मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किसान इस पद्धति को अपनाकर लाभान्वित हो सकें।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements