फूलों की खेती से रायसेन का किसान हुआ मालामाल! कम लागत में कमा रहे सालाना 8 तक की आय, जानिए कैसे
05 फरवरी 2026, रायसेन: फूलों की खेती से रायसेन का किसान हुआ मालामाल! कम लागत में कमा रहे सालाना 8 तक की आय, जानिए कैसे – मध्य प्रदेश में उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के सहयोग से किसान अब पारंपरिक फसलों को छोड़कर फूलों की खेती की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे उन्हें कई गुना अधिक लाभ हो रहा है। रायसेन जिले में भी फूलों की खेती किसानों के लिए लाभकारी व्यवसाय बनकर उभरी है, जिससे वे पारंपरिक फसलों की तुलना में कई गुना अधिक लाभ कमा रहे हैं।
रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज विकासखण्ड के ग्राम गुदावल के किसान राजकुमार अहिरवार भी उन प्रगतिशील किसानों में शामिल हैं जिन्होंने पारम्परिक फसल गेहूं/चना, सोयाबीन की खेती को छोड़कर फूलों की खेती करना शुरू किया और कहीं अधिक मुनाफा कमा रहे हैं। किसान राजकुमार अहिरवार ने बताया कि पहले वह पारम्परिक फसलों की खेती करते थे, जिससे उन्हें बहुत कम लाभ होता था।
जब उन्होंने फूलों की खेती से होने वाले लाभ के बारे में सुना तो उन्होंने उद्यानिकी विभाग में सम्पर्क किया। उन्होंने पहले फूलों की खेती कर रहे किसानों के खेतों का भी भ्रमण किया। किसान राजकुमार द्वारा उद्यानिकी विभाग की योजना की मदद से 2500 वर्ग मीटर क्षेत्र में पॉली हाउस का निर्माण किया गया, इसके लिए उन्हें अनुदान सहायता भी प्रदान की गई। उन्होंने पॉली हाउस में जरबेरा फूलों की खेती शुरू की।
किसान राजकुमार अहिरवार ने बताया कि वह लाल, पीले, गुलाबी और नारंगी रंग के जरबेरा फूलों का उत्पादन ले रहे हैं। उनके द्वारा प्रतिदिन 400 से 500 फूलों की कटिंग की जाती है जिसे वह भोपाल में फूलों की मंडी में विक्रय करते हैं। किसान राजकुमार द्वारा प्रति वर्ष लगभग आठ लाख रुपये के जरबेरा फूलों का विक्रय किया जाता है जिससे उन्हें चार से पांच लाख रू की शुद्ध आय प्राप्त होती है। किसान श्री राजकुमार अहिरवार किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है कि तकनीक, सरकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर सोच के साथ खेती को एक लाभकारी एवं रोजगारपरक व्यवसाय बनाया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


