राज्य कृषि समाचार (State News)

सोयाबीन में कीट प्रकोप पर प्रशासन अलर्ट, विदिशा में खेतों में पहुंचकर अधिकारियों ने लिया जायजा

06 सितंबर 2026, विदिशा: सोयाबीन में कीट प्रकोप पर प्रशासन अलर्ट, विदिशा में खेतों में पहुंचकर अधिकारियों ने लिया जायजा – विदिशा जिले में सोयाबीन फसल की स्थिति और संभावित कीट प्रकोप को लेकर प्रशासन सतर्क है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार जिले में सोयाबीन फसल की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में ग्यारसपुर अनुविभाग में एसडीएम श्रीमती शशि मिश्रा और तहसीलदार ने संयुक्त रूप से ग्राम संतापुर एवं खुजरार पहुंचकर किसानों के खेतों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सोयाबीन फसल में दिखाई दे रहे कीट प्रकोप एवं फसल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर किसानों से फसल की स्थिति, कीटों के प्रकोप तथा फसल में अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों के संबंध में जानकारी ली।

कीट या रोग के लक्षण दिखें तो तुरंत करें संपर्क

अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी कि सोयाबीन फसल में किसी भी प्रकार के कीट या रोग के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क करें। साथ ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही अनुशंसित कीटनाशकों एवं दवाओं का उपयोग करने की बात कही गई।

एसडीएम श्रीमती शशि मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सोयाबीन फसल की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा किसानों को समय-समय पर फसल सुरक्षा एवं कीट नियंत्रण संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का मौके पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई एवं मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय राजस्व एवं संबंधित विभागीय अमला भी उपस्थित रहा। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे फसल में असामान्य स्थिति अथवा कीट प्रकोप दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक उपाय किए जा सकें।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture