राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा जिले में साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ

15 दिसंबर 2025, छिन्दवाड़ा: छिंदवाड़ा जिले में साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ –  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश के प्रत्येक जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा आम नागरिकों को शुद्ध, विषरहित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साप्ताहिक जैविक / प्राकृतिक हाट बाजार प्रारंभ किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज छिंदवाड़ा जिले में गुरैया सब्जी मंडी परिसर में साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ प्रदेश के लोक निर्माण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, महापौर नगर निगम छिंदवाड़ा श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव,भारिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री दिनेश अंगारिया , विजय पांडे, टीकाराम चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।

Advertisements
Advertisement
Advertisement

शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने हाट बाजार में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से सीधे संवाद किया। प्रभारी मंत्री की प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों के प्रति विशेष रुचि इस बात से स्पष्ट हुई कि उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर स्वयं प्राकृतिक खेती से उत्पादित सेमी, पपीता, जैविक गुड़, चना, घुइयां के पत्ते, कुटकी, देशी लौकी सहित अनेक उत्पाद खरीदे। इसके साथ ही उन्होंने अपने मोबाइल फोन से यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर खरीदे गए उत्पाद का भुगतान भी किया।

उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साप्ताहिक जैविक /प्राकृतिक हाट बाजार का मुख्य उद्देश्य जिलेवासियों को एक निर्धारित स्थान एवं निश्चित दिन पर शुद्ध, विषरहित अनाज, दालें, मिलेट्स (श्रीअन्न), विभिन्न प्रकार की सब्जियां, फल, जैविक वन उपज, कच्ची घानी का शुद्ध तेल, शहद, जैविक गुड़ सहित अनेक जैविक उत्पाद सहज रूप से उपलब्ध कराना है। साथ ही जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अपने उत्पादों के विक्रय हेतु एक स्थायी एवं सुनिश्चित विपणन मंच प्रदान करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।

श्री सिंह ने बताया कि आज आयोजित पहले जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में जिले के पंजीकृत 50 किसानों द्वारा अपने उत्पाद विक्रय हेतु लाए गए थे। शहरवासियों ने बड़ी उत्सुकता के साथ जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों की खरीदारी की। स्थिति यह रही कि शाम 5 बजे तक लगभग सभी किसानों के अधिकांश उत्पाद विक्रय हो गए। आज कुल 261 नागरिकों द्वारा जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद खरीदे गए। वहीं नरसिंहपुर जिले से आए किसानों के जैविक गुड़ एवं तुअर दाल की भी विशेष रूप से अच्छी बिक्री हुई।  हाट बाजार में जैविक सब्जियां, जैविक फल, जैविक अनाज, मिलेट्स (ज्वार, बाजरा, मक्का), जैविक दालें, कच्ची घानी का तेल, जैविक गुड़, जैविक हल्दी, शुद्ध प्राकृतिक घी, शहद, मशरूम, चिया सीड्स, वनोपज, वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत एवं जैविक कीटनाशक सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध कराए गए।  यह साप्ताहिक जैविक /प्राकृतिक हाट बाजार अब प्रत्येक शनिवार को प्रातः 10 बजे से गुरैया सब्जी मंडी, छिंदवाड़ा में आयोजित किया जाएगा। इससे जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा शहरवासियों को शुद्ध अनाज, सब्जियां एवं फल एक ही स्थान पर नियमित रूप से उपलब्ध हो सकेंगे।

Advertisement
Advertisement

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisement
Advertisement
Advertisements
Advertisement
Advertisement