कृषि वर्ष के लिए केंद्रीय योजनाओं में एक हजार करोड़ आवंटन का प्रस्ताव
08 जनवरी 2026, भोपाल: कृषि वर्ष के लिए केंद्रीय योजनाओं में एक हजार करोड़ आवंटन का प्रस्ताव -मध्यप्रदेश के उद्यानिकी एवं प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और केंद्रीय योजनाओं के तहत आगामी कृषि वर्ष के लिए 1,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित करने का प्रस्ताव दिया। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने प्रदेश को भरपूर सहायता देने की सहमति दी है।
श्री कुशवाह ने बताया कि 2005 में जहां राज्य का उद्यानिकी क्षेत्र 4 लाख हेक्टेयर था, वहीं 2025 में यह बढ़कर 28 लाख हेक्टेयर तक पहुँच चुका है। आने वाले 3 वर्षों में इसे 33 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। 2026 को ‘कृषि वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें कई नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।
इस कृषि वर्ष में मखाना की खेती को प्रदेश में नवाचार के रूप में शामिल किया जा रहा है, साथ ही विभिन्न क्लस्टर आधारित फसलों जैसे केला, संतरा, आलू, प्याज, लहसुन, मिर्च, ब्ल्यू बैरी आदि को बढ़ावा देने का भी लक्ष्य है। इसके अलावा, सूक्ष्म सिंचाई, भंडारण क्षमता में वृद्धि, और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन पर भी जोर दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के किसानों की आय में वृद्धि, कृषि–उद्यानिकी के समेकित विकास, आधुनिक तकनीकों का प्रसार और जल उपयोग दक्षता को बढ़ावा देना है।
श्री कुशवाह ने यह भी बताया कि राज्य के कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र के विकास में राष्ट्रीय उद्यानिकी मिशन (MIDH), राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना – सूक्ष्म सिंचाई घटक (PDMC) की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2025-26 में इन योजनाओं के तहत क्रमशः 144 करोड़, 70 करोड़ और 183 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था।
उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए MIDH के लिए 350 करोड़ रुपये, RKVY के लिए 200 करोड़ रुपये और PDMC के लिए 450 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि आवंटित करने का प्रस्ताव दिया, ताकि कृषि क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। यह प्रस्ताव प्रदेश के लाखों किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

