पशुपालन (Animal Husbandry)राज्य कृषि समाचार (State News)

बकरी पालन शुरू करने का सुनहरा मौका: 10 बकरियों की यूनिट पर सरकार देगी 60% तक अनुदान, जानें योजना की पूरी जानकारी

24 जून 2026, भोपाल: बकरी पालन शुरू करने का सुनहरा मौका: 10 बकरियों की यूनिट पर सरकार देगी 60% तक अनुदान, जानें योजना की पूरी जानकारी – मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पशुपालन को बढ़ावा देने और किसानों तथा ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा (10+1) बकरी इकाई योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के लिए जिले को लक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों, किसानों और ग्रामीण युवाओं के लिए अतिरिक्त आय और रोजगार के नए अवसर खुल गए हैं।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मांस और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना तथा हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है। योजना के तहत एक इकाई में 10 उन्नत एवं स्थानीय नस्ल की मादा बकरियां और 1 नर बकरा शामिल किया जाता है। इनमें जमुनापारी, बरबरी और सिरोंही जैसी नस्लें शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि एक बकरी इकाई की कुल लागत 77 हजार 456 रुपये निर्धारित की गई है। सामान्य और पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इस श्रेणी में बैंक ऋण 38 हजार 724 रुपये, अनुदान राशि 30 हजार 982 रुपये तथा हितग्राही अंशदान 7 हजार 750 रुपये रहेगा।

SC-ST हितग्राहियों को मिलेगी 60% तक सब्सिडी

वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 60 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिलेगा। इस श्रेणी में बैंक ऋण 23 हजार 232 रुपये, अनुदान राशि 46 हजार 474 रुपये तथा हितग्राही अंशदान 7 हजार 750 रुपये निर्धारित किया गया है।

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए बैंक ऋण की स्वीकृति आवश्यक होगी। योजना के लिए भूमिहीन, कृषि मजदूर तथा लघु किसान आवेदन कर सकते हैं।

जरूरी दस्तावेज

आवेदन के लिए आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, ग्राम पंचायत का ठहराव प्रस्ताव, पटवारी का प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक होंगे।

इच्छुक एवं पात्र हितग्राही योजना की अधिक जानकारी तथा आवेदन प्रक्रिया के लिए अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय में संपर्क कर आवेदन की कार्यवाही कर सकते हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements