Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान के 8 हज़ार कृषकों को अनुदान पर मिलेगा सोलर पम्प, सरकार ने 18 फर्मो के साथ किया अनुबन्ध

14 सितम्बर 2023, जयपुर: राजस्थान के 8 हज़ार कृषकों को अनुदान पर मिलेगा सोलर पम्प, सरकार ने 18 फर्मो के साथ किया अनुबन्ध – पीएम-कुसुम योजना के तहत उद्यान विभाग व निर्माता फर्मो के बीच एक साल बाद सहमति बनने पर प्रदेश के किसानों के लिए सोलर पम्प लगवाने की राह खुल चुकी है। इसके लिए राज्य सरकार ने 18 सोलर पम्प निर्माता फर्म के साथ लागत तय कर टेण्डर प्रक्रिया पूरी कर ली है।

उद्यान उप निदेशक डॉ धर्मवीर ने बताया कि पीएम-कुसुम योजना के दूसरे फेज के तहत् प्रदेश में एक लाख किसानों को सोलर पम्प का लक्ष्य दिया  गया है। चूरू जिले के 8 हजार 190 किसानों को योजना के तहत् सोलर पम्प दिए जाने हैं। सोलर पम्प के लिये जिले के 11 हजार 749 से ज्यादा किसान आवेदन कर चुके हैं। योजना के तहत् सिंचाई के लिये सोलर पम्प लगाने पर किसानों को 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति श्रेणी के किसानों को 60 प्रतिशत अनुदान के साथ राज्य सरकार की तरफ से 45 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि दी जाती है। उन्होंने बताया कि जिले में सामान्य कृषकों को 6050, अनुसूचित जाति के 2000 एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 140 सोलर पम्प सेट अनुदान पर लगाने हेतु लक्ष्य प्राप्त हुये हैं।

डॉ धर्मवीर ने बताया कि योजना में  प्रदेश के किसानों को 3 एचपी, 5 एचपी एवं 7.5 एचपी पर अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत् कृषक 10 एचपी तक सोलर पम्प सेट स्थापित करवा सकता है परन्तु अनुदान 7.5 एचपी तक का ही देय होगा, अतिरिक्त राशि कृषक को वहन करनी पडेगी। आयुक्तालय स्तर से अभी 7.5 एचपी डीसी सोलर पम्प सेट की कृषक हिस्सा राशि 2 लाख 14 हजार 638 रुपए तय की गयी है जबकि 10 एचपी एसी एवं डीसी सोलर पम्प सेट की कृषक हिस्सा राशि 3 लाख 42 हजार 555 रुपए तय की गयी है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने बताया कि उद्यान आयुक्तालय की गाईड लाईन के अनुसार सबसे पहले विभाग द्वारा किसानों के आवेदनों की डिटेल को अपडेट किया जाएगा। कृषक स्वयं भी राज किसान पोर्टल पर अपना ऑनलाईन आवेदन अपडेट कर सकता है। अपडेशन के पश्चात् विभाग द्वारा पम्प के लिये स्वीकृति जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वरीयता क्रम में आने वाले कृषकों को शीघ्र ही अनुदान पर सोलर पम्प सेट स्थापित करवाए जाएंगे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )