Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्य प्रदेश के 466 पशुपालकों को मिले 2.95 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री यादव ने किया सम्मानित

11 नवंबर 2026, भोपाल: मध्य प्रदेश के 466 पशुपालकों को मिले 2.95 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री यादव ने किया सम्मानित – मध्य प्रदेश में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित किया। भोपाल के रवींद्र भवन में सोमवार को आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा एवं पशुपालक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत चयनित पशुपालकों के बैंक खातों में कुल 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि ट्रांसफर की। इस दौरान प्रदेश की पंजीकृत गौशालाओं में रखे गए गोवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी जारी की गई।

दूध उत्पादन प्रतियोगिता के आधार पर हुआ चयन

गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत पशुपालकों का चयन दूध उत्पादन में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया। इसके लिए 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश के 208 चिन्हित वृंदावन गांवों में प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले 466 पशुपालकों को पुरस्कार के लिए चुना गया। योजना के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वालों को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वालों को 25 हजार रुपये दिए गए। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित पशुपालकों के खातों में सीधे पुरस्कार राशि भेजी।

गौशालाओं के लिए 65.66 करोड़ रुपये की सब्सिडी

समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं के लिए भी अनुदान राशि जारी की। इसके तहत गौशालाओं में रखे गए 5.51 लाख से अधिक गोवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि गौशालाओं में गायों की बेहतर देखभाल और पौष्टिक चारे की व्यवस्था के लिए प्रति गाय मिलने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है। इससे गौशाला संचालकों को गोवंश के रखरखाव में आर्थिक सहायता मिलेगी।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

दो साल में मध्य प्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने समारोह में कहा कि राज्य सरकार व्हाइट रिवोल्यूशन 2.0 के माध्यम से दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत करने पर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में मध्य प्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है। इसके लिए प्रदेश में दूध संग्रहण की क्षमता को वर्तमान 12 लाख किलो प्रतिदिन से बढ़ाकर 52 लाख किलो प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

उन्होंने कहा कि सरकार गोवंश संरक्षण के साथ पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने को भी प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री ने पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशु पालने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि गिर और साहीवाल नस्ल की गायों में अधिक दूध देने की क्षमता होती है। ऐसे पशुओं का पालन करने से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

गोवर्धन पूजा को बताया प्रकृति संरक्षण का प्रतीक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा को प्रकृति के प्रति आस्था और कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि प्रकृति से मनुष्य को बहुत कुछ मिलता है, इसलिए उसका संरक्षण करना भी सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन की रक्षा करने के प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने इसे मानवता की रक्षा और सामूहिक सहयोग का उदाहरण बताया। कार्यक्रम के दौरान लंबे समय से गोवंश संरक्षण और पशु कल्याण के क्षेत्र में योगदान दे रहे गोसेवकों तथा गौशाला संचालकों को भी सम्मानित किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास में गोवर्धन पूजा की। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गायों का पूजन और आरती कर प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture