ग्वालियर में 3195 नए किसान पैक्स से जुड़े, 920 किसानों को मिला किसान क्रेडिट कार्ड; 17.51 करोड़ का ऋण वितरित
04 सितंबर 2026, ग्वालियर: ग्वालियर में 3195 नए किसान पैक्स से जुड़े, 920 किसानों को मिला किसान क्रेडिट कार्ड; 17.51 करोड़ का ऋण वितरित – मध्यप्रदेश में किसानों को खेती के लिए समय पर ऋण और कृषि से जुड़ी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाएं (पैक्स) अहम भूमिका निभा रही हैं। इसी क्रम में ग्वालियर जिले में सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। वर्तमान खरीफ मौसम में 1 अप्रैल से 21 अगस्त तक जिले के 2944 किसानों को कुल 17 करोड़ 51 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया है। इससे किसानों को खेती की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए समय पर आर्थिक सहायता मिली है। वहीं, सहकारी ऋणों की वसूली में भी जिले ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अकालातीत ऋणों की 95 प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की है।
सदस्यता महाअभियान से जुड़े 3195 नए सदस्य
सहकारिता विभाग द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता महाअभियान के तहत ग्वालियर जिले में 3195 नए सदस्यों को पैक्स से जोड़ा गया है। इनमें 920 नए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सदस्य बनाए गए हैं। इससे अधिक संख्या में किसानों के लिए सहकारी संस्थाओं के माध्यम से कृषि ऋण और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने का रास्ता आसान हुआ है। खरीफ मौसम में पैक्स से ऋण लेने वाले किसानों का फसल बीमा भी कराया गया है।
18 हजार से अधिक किसानों को मिला खाद
सहकारिता विभाग द्वारा कृषि कार्यों के लिए किसानों को आवश्यक खाद की उपलब्धता और सुचारू वितरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से 18,130 किसानों को लगभग 6,800 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया गया है। खाद वितरण के साथ कृषि उपज उपार्जन, खाद वितरण एवं प्रबंधन तथा विभिन्न डिजिटल व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन, निगरानी और समन्वय पर भी जोर दिया जा रहा है। जिले की प्राथमिक सहकारी संस्थाओं में प्रक्रियाओं का वास्तविक समय पर संचालन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे संस्थाओं के कामकाज में पारदर्शिता और बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।
किसानों को मिल रहीं आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं
सहकारी बैंकिंग सेवाओं को किसानों और आम नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। सावधि जमा पर अधिकतम 7.50 प्रतिशत तक ब्याज दर उपलब्ध है। इसके साथ ही व्यक्तिगत ऋण, गृह ऋण और एटीएम कार्ड जैसी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। सहकारिता के माध्यम से किसानों को समय पर ऋण, कृषि सामग्री, फसल बीमा और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन पहलों का उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़ी आवश्यक आर्थिक और अन्य सुविधाएं सहकारी संस्थाओं के माध्यम से उपलब्ध कराना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

