मत्स्य महासंघ की 115वीं बैठक: 2027-28 के बजट को मंजूरी, मछुआ कल्याण योजनाओं और उत्पादन बढ़ाने पर जोर
02 अक्टूबर 2026, भोपाल: मत्स्य महासंघ की 115वीं बैठक: 2027-28 के बजट को मंजूरी, मछुआ कल्याण योजनाओं और उत्पादन बढ़ाने पर जोर – मध्यप्रदेश के मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार की अध्यक्षता में मत्स्य महासंघ की कामकाज समिति की 115वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2027-28 के प्रस्तावित बजट का अनुमोदन किया गया। इस दौरान मछुआ कल्याण योजनाओं, सहकारी समितियों की सदस्यता, मत्स्य उत्पादन और महासंघ की आय बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
सहकारी समितियों की सदस्यता से पहले होगी जांच
राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने महासंघ के जलाशयों में सहकारी समितियों को सदस्यता देने से पहले उनका परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के बाद पात्र और वास्तविक समितियों को ही सदस्यता दी जाए। इसके साथ ही वर्तमान में कार्यरत समितियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए।
योजनाओं का लाभ समय पर देने के निर्देश
बैठक में महासंघ द्वारा संचालित मछुआ कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने पर राज्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने के लिए समय-सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
भवन और विकास निधि के उपयोग की कार्ययोजना बनाने के निर्देश
मध्यप्रदेश सहकारी सोसायटी अधिनियम, 1960 की धारा 43 और महासंघ की उपविधियों के अंतर्गत निधियों की समीक्षा भी बैठक में की गई। राज्यमंत्री श्री पंवार ने भवन निधि एवं विकास निधि का उपयोग कर महासंघ की रिक्त भूमि पर आवश्यक निर्माण कार्य कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मत्स्य उत्पादन और महासंघ की आय बढ़ाने पर जोर
बैठक में महासंघ के जलाशयों में मत्स्य उत्पादन की भी समीक्षा की गई। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को नवीन कार्ययोजनाओं और नवाचारों के माध्यम से मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महासंघ की आय बढ़ाने की दिशा में भी काम करने को कहा गया। उन्होंने मछुआ कल्याण योजनाओं और विकासात्मक गतिविधियों का विस्तार करने के निर्देश भी दिए, ताकि इनका लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में सचिव स्वतंत्र कुमार सिंह, प्रबंध संचालक अनुराग चौधरी, संचालक मनोज कुमार पथरोलिया सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


