पशुपालन (Animal Husbandry)राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश: पशुपालकों के लिए डेयरी खोलना हुआ आसान, सरकार दे रही लाखों रुपये की सब्सिडी

03 जून 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: पशुपालकों के लिए डेयरी खोलना हुआ आसान, सरकार दे रही लाखों रुपये की सब्सिडी – मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़ने और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत आधुनिक डेयरी इकाइयों की स्थापना के लिए बैंक ऋण के साथ-साथ शासन की ओर से अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

कलेक्टर शीला दाहिमा के निर्देशानुसार पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने जिले के पशुपालकों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है। विभाग का मानना है कि इस योजना से पशुपालकों को स्थायी रोजगार मिलेगा और जिले में दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।

42 लाख रुपये की डेयरी इकाई स्थापित करने का प्रावधान

योजना के अंतर्गत 25 दुधारू गाय या भैंसों की डेयरी इकाई स्थापित की जा सकती है। इस डेयरी इकाई की कुल लागत लगभग 42 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इच्छुक पशुपालकों को बैंक ऋण के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि शासन द्वारा निर्धारित पात्रता के अनुसार अनुदान भी दिया जाएगा।

सामान्य वर्ग को 25%, एससी-एसटी को 33% अनुदान

योजना के तहत सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को कुल परियोजना लागत का 25 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 33 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा हितग्राहियों को परियोजना लागत के अनुसार 15 से 25 प्रतिशत तक बैंक मार्जिन मनी भी जमा करनी होगी। शेष राशि बैंक ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

ऑनलाइन आवेदनों की हो रही जांच

पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अनुसार श्योपुर जिले में प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों का परीक्षण किया जा रहा है। पात्र आवेदकों का चयन राज्य स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा। चयन के बाद बैंक ऋण स्वीकृत होने पर हितग्राहियों को डेयरी इकाई स्थापना के लिए लाभ प्रदान किया जाएगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements