Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

गेहूं की बुवाई 294 लाख हेक्टेयर में हुई

देश में रबी का रकबा 564 लाख हेक्टेयर से अधिक

  • निमिष गंगराड़े

23 दिसम्बर 2020, नई दिल्ली। गेहूं की बुवाई 294 लाख हेक्टेयर में हुई – देश में रबी फसलों का रकबा गत वर्ष अब तक हुई बोनी को पार कर गया है। रबी की सबसे महत्वपूर्ण फसल गेहूं की बोनी इस वर्ष रिकार्ड बनाने की राह पर है। देश में अब तक गेहूं का रकबा 294 लाख हेक्टेयर हो गया है जबकि चालू रबी मौसम में सामान्य आंकड़ा 303.28 लाख हेक्टेयर है। देश में अब तक कुल बोनी 564 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हो गई है जो गत वर्ष की तुलना में 25.41 लाख हे. अधिक है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि चालू रबी सीजन में बुवाई बेहतर होगी तथा उत्पादन भी अच्छा होने की उम्मीद है। इस साल अच्छी बारिश होने के कारण खेतों में नमी होने का सबसे ज्यादा फायदा गेहूं की फसल को मिला है। कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 18 दिसंबर तक देश में गेहूं की बुआई का रकबा 294.01 लाख हेक्टेयर हो गया है जबकि पिछले साल इस समय तक 278.65 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई थी। रबी में गेहूं का सामान्य रकबा 305.28 लाख हेक्टेयर है। चालू सीजन में गेहूं की बुआई पिछले साल की समीक्षाधीन अवधि के मुकाबले 15.36 लाख हेक्टेयर अधिक है।

चालू रबी सीजन में गेहूं के रकबे में बढ़ोतरी की वजह मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में बुआई अधिक होना है। केन्द्र सरकार ने वर्ष 2020-21 के लिए गेहूं का समर्थन मूल्य भी 1975 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। पर्याप्त नमी तथा समर्थन मूल्य में वृद्धि के कारण गेहूं का रकबा तेजी से बढ़ रहा है। उत्पादन भी बढऩे की सम्भावना है। गेहूं की तरह दूसरी फसलों की भी बुआई पिछले साल की अपेक्षा बेहतर दिखाई दे रही है। कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक चालू रबी सीजन में अभी तक धान का रकबा कुछ कम है। अब तक 11.39 लाख हेक्टेयर पहुंच चुका है, जो पिछले साल 12.46 लाख हेक्टेयर था। दलहन फसलों की भी बुआई पिछले साल के 132.09 लाख हेक्टेयर से अधिक 140.89 लाख हेक्टेयर हो गई है। मोटे अनाजों का रकबा कुछ कम हुआ है। अब तक 41.28 लाख हेक्टेयर पहुंच चुका है जो पिछले साल 43.48 लाख हेक्टेयर था। तिलहन फसलों की बुआई पिछले साल से बढ़ी है। तिलहनों की बुआई अब तक 76.99 लाख हेक्टेयर में हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 72.48 लाख हेक्टेयर में बुआई हुई थी। कुल रबी फसलों की बुआई का रकबा भी पिछले साल 539.15 लाख हेक्टेयर की अपेक्षा इस साल 564.56 लाख हेक्टेयर पहुंच चुका है। रबी सीजन के फसलों का सामान्य रकबा 620.27 लाख हेक्टेयर रखा गया है।

देश में रबी फसलों की बुवाई

18 दिसम्बर की स्थिति (लाख हे. में)

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile
फसलसामान्य क्षेत्रबुवाई (2020-21)बुवाई (2019-20)
गेहूं303.28294.01278.65
धान41.7911.3912.46
दलहन144.88140.89132.09
चना92.7797.9988.99
मसूर14.2415.3114.62
मोटे अनाज57.1441.2843.48
तिलहन73.1876.9972.48
सरसों59.4469.9464.52
कुल620.27564.56539.15

महत्वपूर्ण खबर : किसानों के साथ कोई छल नहीं : प्रधानमंत्री

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें