Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

13 राज्यों के 23 जिलों में 75 न्यूट्री स्मार्ट विलेज कार्यक्रम का केंद्रीय कृषि मंत्री ने किया शुभारंभ

10 नवंबर 2021, नई दिल्ली।  13 राज्यों के 23 जिलों में 75 न्यूट्री स्मार्ट विलेज कार्यक्रम का केंद्रीय कृषि मंत्री ने किया शुभारंभ – भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अंतर्गत केंद्रीय कृषिरत महिला संस्थान,भुवनेश्वर के पोषण अभियान के तहत 13 राज्यों के 23 जिलों में 75 न्यूट्री स्मार्ट विलेज कार्यक्रम का शुभारंभ आज केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। इस अवसर पर श्री तोमर ने आह्वान किया कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए हमारी कोई भी माताएं-बहनें व बच्चे कुपोषित नहीं रहना चाहिए, यह सभी का संयुक्त दायित्व है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दुनिया में भारत को अग्रणी देश बना रहे हैं और उन्होंने लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के उद्देश्य से फसलों में न्यूट्रिशन वैल्यू ज्यादा रहने पर जोर दिया है। भारत के प्रयासों से ही संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2023 को इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स घोषित किया है।

भारत की आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि इन 75 न्यूट्री स्मार्ट विलेज के माध्यम से गांवों में पोषकता बढ़ाने की श्रृंखला बनाई जाना चाहिए। इन गांवों में प्रकृति प्रदत्त वस्तुओं को बढ़ावा देने के साथ ही प्राकृतिक बेहतर किस्म के बीजों का वितरण किया जाएं, ताकि आगे सभी उपज भी पोषकता से भरपूर हो। इन गांवों में ग्रामीण विकास व अन्य मंत्रालयों के सहयोग से मनरेगा व दूसरी योजनाओं के माध्यम से काम करने व बकरी पालन, मुर्गी पालन करने का सुझाव भी श्री तोमर ने दिया। उन्होंने मोटा अनाज पीडीएस से वितरित करने के संबंध में राज्य स्तर पर जागरूकता लाने की अपील भी की। श्री तोमर ने विश्वास जताया कि ICAR व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय सभी के सहयोग से उद्देश्य हासिल करेंगे।

राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी ने कहा कि पोषक-अनाज का सेवन सभी के लिए आवश्यक है,जैसा कि बरसों पहले देश में घर-घर प्रचलित था। सरकार ने कुपोषण की समस्या का समाधान करने का लक्ष्य रखा है, जिस पर पोषक-अनाज की नई किस्में लाने सहित अन्य कार्यक्रमों व योजनाओं के माध्यम से काम चल रहा है। राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे भी विशेष रूप से उपस्थित थी। कृषि सचिव श्री संजय अग्रवाल, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्र, उप महानिदेशक डॉ. आर.सी. अग्रवाल, केंद्रीय कृषिरत महिला संस्थान, भुवनेश्वर के निदेशक डॉ. अनिल कुमार ने भी संबोधित किया।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

जिन राज्यों में व जिलों में यह कार्यक्रम प्रारंभ किया गया, वे हैं- पुरी, खोरधा, कटक व जगतसिंहपुर, (ओडिशा ) समस्तीपुर व मुजफ्फरपुर (बिहार), जोरहट (असम), पश्चिम गारोहिल्स (मेघालय), उदयपुर (राजस्थान), परभणी (महाराष्ट्र), लुधियाना  (पंजाब), हिसार, फतेहाबाद व अंबाला (हरियाणा), नैनीताल (उत्तराखंड), मंडी,कांगड़ा व हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश),  बैंगलुरू ग्रामीण, धारवाड़ व बेलगाम (कर्नाटक), मदुराई (तमिलनाडु) तथा रंगारेड्डी (तेलंगाना)।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें