राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

खरीफ बुवाई में सुस्ती: पिछले साल के मुकाबले 101 लाख हेक्टेयर कम रकबे में बुवाई, सोयाबीन-कपास समेत कई फसलें पिछड़ी  

14 जुलाई 2026, नई दिल्ली: खरीफ बुवाई में सुस्ती: पिछले साल के मुकाबले 101 लाख हेक्टेयर कम रकबे में बुवाई, सोयाबीन-कपास समेत कई फसलें पिछड़ी  – देश में खरीफ सीजन 2026 की बुवाई जारी है, लेकिन शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि इस बार बुवाई की रफ्तार पिछले साल की तुलना में धीमी है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी 10 जुलाई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक 531.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 632.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हो चुकी थी। यानी इस बार बुवाई का रकबा पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 101.44 लाख हेक्टेयर कम है।

हालांकि, सामान्य औसत (549.36 लाख हेक्टेयर) की तुलना में भी बुवाई 18.11 लाख हेक्टेयर कम रही है। धान की बुवाई सामान्य क्षेत्र से आगे है, जबकि दलहन, मोटे अनाज, तिलहन और कपास जैसी प्रमुख फसलों का रकबा अभी भी सामान्य स्तर से नीचे बना हुआ है।

धान की बुवाई में 

देश में 10 जुलाई तक धान की बुवाई 114.69 लाख हेक्टेयर में हुई है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि के 125.53 लाख हेक्टेयर से 10.84 लाख हेक्टेयर कम है। हालांकि, सामान्य औसत 97.74 लाख हेक्टेयर की तुलना में धान का रकबा 16.95 लाख हेक्टेयर अधिक है। इससे संकेत मिलता है कि धान की बुवाई अभी भी सामान्य स्थिति से बेहतर बनी हुई है।

दलहनों में अरहर और उड़द सबसे ज्यादा पिछड़ी

दलहनों की कुल बुवाई 56.63 लाख हेक्टेयर में हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 73.85 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई थी। यानी दलहनों का रकबा 17.22 लाख हेक्टेयर कम है। सामान्य औसत की तुलना में भी इसमें 5.57 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई। अरहर की बुवाई 19.54 लाख हेक्टेयर, उड़द 9.34 लाख हेक्टेयर और मूंग 21.52 लाख हेक्टेयर में हुई। इनमें मूंग ही एकमात्र ऐसी प्रमुख दलहन रही, जिसकी बुवाई सामान्य औसत से 3.17 लाख हेक्टेयर अधिक रही।

श्रीअन्न एवं मोटे अनाज की बुवाई में भी गिरावट

श्रीअन्न एवं मोटे अनाज की कुल बुवाई 98.69 लाख हेक्टेयर रही, जो पिछले वर्ष के 127.30 लाख हेक्टेयर से 28.61 लाख हेक्टेयर कम है। सामान्य औसत की तुलना में भी इसमें 2.70 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई। मक्का की बुवाई 55.97 लाख हेक्टेयर रही, जो सामान्य औसत से मामूली अधिक है। वहीं बाजरा, ज्वार, रागी और छोटे बाजरे की बुवाई सामान्य से कम रही।

तिलहन फसलों में सबसे बड़ी गिरावट

तिलहन फसलों की बुवाई 117.83 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 149.18 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई थी। यानी तिलहनों का रकबा 31.34 लाख हेक्टेयर कम है। सामान्य औसत की तुलना में भी इसमें 12.98 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई। सबसे अधिक गिरावट सोयाबीन और मूंगफली में देखने को मिली। सोयाबीन की बुवाई 90.51 लाख हेक्टेयर में हुई, जो पिछले वर्ष से 17.21 लाख हेक्टेयर और सामान्य औसत से 5.53 लाख हेक्टेयर कम है। वहीं मूंगफली का रकबा 23.40 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले वर्ष से 12.05 लाख हेक्टेयर कम है।

गन्ना और जूट में बढ़त, कपास अब भी पीछे

गन्ने की बुवाई 57.58 लाख हेक्टेयर में हुई, जो पिछले वर्ष के 56.72 लाख हेक्टेयर से 0.86 लाख हेक्टेयर अधिक है। वहीं जूट एवं मेस्ता की बुवाई भी पिछले वर्ष की तुलना में 0.12 लाख हेक्टेयर बढ़कर 6.28 लाख हेक्टेयर रही। इसके विपरीत कपास की बुवाई 79.54 लाख हेक्टेयर में हुई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 93.95 लाख हेक्टेयर से 14.41 लाख हेक्टेयर कम है। सामान्य औसत की तुलना में कपास का रकबा 16.28 लाख हेक्टेयर कम दर्ज किया गया है।

10 जुलाई 2026 तक खरीफ फसलों की बुवाई की स्थिति (लाख हेक्टेयर में)

फसल20262025अंतर (+/-)सामान्य क्षेत्र बुवाई (2021-2025 )सामान्य से अंतर
चावल114.69125.53-10.8497.7416.95
दालें56.6373.85-17.2262.2-5.57
अरहर19.5428.03-8.4924.2-4.66
उड़द9.3413.29-3.9513.81-4.47
मूंग21.5224.08-2.5618.353.17
कुलथी0.140.130.010.140
मोठ4.46.12-1.721.383.02
अन्य दालें1.692.2-0.524.32-2.63
श्रीअन्न एवं मोटे अनाज98.69127.3-28.61101.38-2.7
ज्वार6.889.01-2.137.64-0.76
बाजरा33.7645.98-12.2235.11-1.35
रागी0.931.11-0.181.06-0.14
छोटे बाजरा1.161.64-0.481.83-0.67
मक्का55.9769.56-13.5955.740.23
तिलहन117.83149.18-31.34130.81-12.98
मूंगफली23.435.45-12.0529.95-6.55
सोयाबीन90.51107.72-17.2196.04-5.53
सूरजमुखी0.860.530.330.710.15
तिल2.795.17-2.383.77-0.98
नाइजर0.060.010.050.07-0.01
अरंडी0.140.24-0.10.22-0.08
अन्य तिलहन0.070.050.030.050.02
गन्ना57.5856.720.8655.222.36
जूट एवं मेस्ता6.286.160.126.180.11
कपास79.5493.95-14.4195.83-16.28
कुल531.25632.69-101.44549.36-18.11

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture