राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

Farmer ID को लेकर बड़ा अपडेट: अब बिना आईडी के नहीं मिलेगा सरकारी स्कीम का लाभ? जानें क्या है सच  

15 अप्रैल 2026, नई दिल्ली: Farmer ID को लेकर बड़ा अपडेट: अब बिना आईडी के नहीं मिलेगा सरकारी स्कीम का लाभ? जानें क्या है सच – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत इन दिनों किसान आईडी (Farmer Registry ID) को लेकर अहम पहल की जा रही है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि आने वाले समय में फार्मर आईडी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनिवार्य हो सकती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि किसान समय रहते अपनी फार्मर आईडी ( Farmer ID) नहीं बनवाते हैं, तो वे सरकारी योजनाएं जैसे- पीएम-किसान योजना, उर्वरक सब्सिडी और अन्य कृषि स्कीम के लाभ से वंचित रह सकते हैं। हालांकि, फिलहाल यह नियम पूरे देश में लागू नहीं हुआ है और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है।

फार्मर आईडी क्या है?

फार्मर आईडी, जिसे किसान पहचान पत्र भी कहा जाता है। यह  सरकार द्वारा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तहत शुरू की गई एक डिजिटल पहचान है, जो आधार कार्ड से जुड़ी होती है। यह 12 अंकों की एक विशेष आईडी होती है, जिसमें किसानों की आधार से जुड़ी जानकारी, भूमि रिकॉर्ड, फसल डेटा और बैंक खाते का विवरण शामिल होता है। इसका मकसद देशभर के किसानों का एक एकीकृत और प्रमाणित डेटाबेस तैयार करना है।

सरकार का उद्देश्य

सरकार इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए कृषि योजनाओं को ज्यादा पारदर्शी और प्रभावी बनाना चाहती है। इसका मुख्य लक्ष्य फर्जी लाभार्थियों को रोकना और वास्तविक किसानों तक ही योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके साथ ही सब्सिडी और अन्य वित्तीय सहायता सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो सके।

क्या पीएम-किसान के लिए जरूरी है?

वर्तमान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना,  आधार, भूमि रिकॉर्ड और ई-केवाईसी पर आधारित है। किसान आईडी को कुछ राज्यों में धीरे-धीरे जोड़ा जा रहा है, लेकिन अभी इसे देशभर में अनिवार्य नहीं किया गया है। कई राज्यों में इसे पीएम-किसान डेटाबेस से लिंक करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, ताकि भविष्य में लाभार्थियों का सत्यापन आसान हो सके। हालांकि, अभी भी बड़ी संख्या में किसान बिना Farmer ID के योजना का लाभ ले रहे हैं।

उर्वरक सब्सिडी पर क्या असर?

सरकार उर्वरक सब्सिडी को भी Farmer ID से जोड़ने पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य भूमि रिकॉर्ड और फसल के आधार पर सही किसानों को ही सब्सिडी देना है, जिससे कालाबाजारी और दुरुपयोग पर रोक लग सके। फिलहाल यह व्यवस्था कुछ राज्यों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू है और अभी पूरे देश में अनिवार्य नहीं है।

भविष्य में क्या बदल सकता है?

यदि यह प्रणाली पूरी तरह लागू होती है, तो Farmer ID कई योजनाओं के लिए जरूरी हो सकती है, जैसे: पीएम-किसान योजना, उर्वरक सब्सिडी, फसल बीमा योजना, बीज सब्सिडी और कृषि ऋण योजनाएं।  इससे किसानों को एक डिजिटल पहचान मिलेगी और सभी योजनाओं का लाभ एक ही प्लेटफार्म से मिल सकेगा।

क्या किसानों को चिंता करनी चाहिए?

फिलहाल किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन उन्हें सलाह दी जाती है कि वे समय पर ई-केवाईसी पूरा करें, आधार को मोबाइल नंबर से लिंक रखें और जहां Farmer ID बन रही है, वहां जल्द रजिस्ट्रेशन करा लें। इसके अलावा, अपने भूमि रिकॉर्ड को अपडेट रखना भी जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements