राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

एपीडा ने शुरू किया ‘मैंगो मेनिया 2025’: दुबई में बिखरी भारत के आमों की खुशबू, लंगड़ा और चौसा ने जीता दिल

07 जुलाई 2025, नई दिल्ली: एपीडा ने शुरू किया ‘मैंगो मेनिया 2025’: दुबई में बिखरी भारत के आमों की खुशबू, लंगड़ा और चौसा ने जीता दिल – भारत के आम अब दुनिया भर में अपनी खुशबू और स्वाद से लोगों का दिल जीत रहे हैं। इसी क्रम में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने भारतीय आमों की वैश्विक पहचान को और मज़बूत करने के लिए अबू धाबी (UAE) में एक भव्य कार्यक्रम ‘इंडियन मैंगो मेनिया 2025’ की शुरुआत की।

इस दौरान, एपीडा के चेयरमैन श्री अभिषेक देव ने अपने संबोधन में कहा, “हम किसानों को वैश्विक मंच देने के लिए निर्यात मार्ग आसान कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों से आमों को एयर कार्गो के ज़रिए UAE पहुँचाया गया है।”  

क्या है ‘मैंगो मेनिया 2025’?

‘मैंगो मेनिया 2025’ भारतीय दूतावास और लुलु ग्रुप के सहयोग से एक इन-स्टोर आम महोत्सव है, जिसका आयोजन लुलु हाइपरमार्केट, खालिदिया मॉल, अबू धाबी में किया गया। इसका उद्देश्य भारतीय आमों की बेहतरीन किस्मों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाना है, विशेषकर खाड़ी देशों में बसे प्रवासी भारतीयों और विदेशी उपभोक्ताओं के बीच।

दुबई में लंगड़ा, दशहरी और फजली का जलवा 

 इस फेस्टिवल में भारत के GI टैग वाले और क्षेत्रीय खासियतों वाले आमों को प्रदर्शित किया गया। बनारसी लंगड़ा, दशहरी, चौसा, फजली, मल्लिका, अम्रपाली, सुंदरजा और लक्ष्मण भोग जैसी किस्मों ने विदेशी बाजार में खूब सराहना बटोरी। खासतौर पर बिहार और यूपी में उपजाया जाने वाला ‘लंगड़ा आम’ शोस्टॉपर बना और स्वाद के मामले में सबका पसंदीदा रहा।

आयोजन में कौन-कौन शामिल हुआ?

इस आयोजन का उद्घाटन संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत संजय सुधीर ने किया। उनके साथ लुलु समूह के अध्यक्ष यूसुफ अली एमए, भारतीय दूतावास के काउंसलर श्री रोहित मिश्रा और एपीडा के उप महाप्रबंधक डॉ. सीबी सिंह भी उपस्थित थे।

आमों के साथ भारतीय व्यंजन भी बने आकर्षण का केंद्र

इस आयोजन में मैंगो आधारित डिशेज़ की भी प्रदर्शनी लगाई गई, जिनमें शामिल थे:
1. पारंपरिक भारतीय डिश: आम की खिचड़ी, आम मछली करी, आम पुलाव
2. बेकरी आइटम्स: मैंगो केक, मैंगो डोनट्स, मैंगो ब्रेड
3. ग्लोबल फ्यूज़न: मैंगो सुशी, मैंगो-स्टफ्ड चिकन
4. पेय पदार्थ: फ्रेश मैंगो जूस, स्मूदी, मैंगो जैम और जैली

निर्यात से किसानों को फायदा

2024 में भारत ने केवल UAE को ही 20 मिलियन डॉलर के 12,000 मीट्रिक टन से अधिक आम निर्यात किए। APEDA का उद्देश्य किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना और भारतीय बागवानी उत्पादों को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.en.krishakjagat.org

Advertisements