सोयाबीन का 4300, धान का 2040 रुपए प्रति क्विंटल एमएसपी तय
- वर्ष 2022-23 के लिए खरीफ फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित
09 जून 2022, नई दिल्ली: केन्द्र सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) घोषित कर दिया है। इस वर्ष एमएसपी में 92 से 523 रुपये प्रति क्विं. तक की वृद्धि की गई है। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धान के समर्थन मूल्य मेें पिछले साल के रू. 1940 प्रति क्विंटल में 100 रुपये बढ़ाकर साल 2022-23 के लिए रू. 2040 एवं सोयाबीन के गत वर्ष के मूल्य 3950 में 350 रु. की वृद्धि कर इस वर्ष के लिए 4300 रु. प्रति क्विं. एमएसपी किया गया है।
श्री ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) द्वारा एमएसपी में वृद्धि को स्वीकृति दिया जाना किसानों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है इससे ना सिर्फ उनकी आय में बल्कि जीवन स्तर में भी सुधार होगा। श्री ठाकुर ने कहा कि इस साल तिल के भाव में सबसे अधिक 523 रु. प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है, जबकि तुअर में और उड़द के भाव में रू. 300 प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। वहीं मूंग में 480 रु. की बढ़ोत्तरी हुई है।
महत्वपूर्ण खबर: मध्य प्रदेश में खरीफ 2022 के लिए प्रमाणित बीज की उपार्जन, विक्रय एवं अनुदान दरें तय
उन्होंने बताया कि एमएसपी वह दर होती है जिस दर से सरकार किसानों से खाद्यान्न खरीदती है। किसानों को उनकी उत्पादन लागत पर सबसे ज्यादा अनुमानित रिटर्न बाजरा (85 प्रतिशत) पर, उसके बाद अरहर (60 प्रतिशत), उड़द (59 प्रतिशत), सूरजमुखी (56 प्रतिशत), सोयाबीन (53 प्रतिशत) और मूंगफली पर (51 प्रतिशत) होने की संभावना है।
वर्ष 2022-23 के लिए खरीफ फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य
फसल | एमएसपी 2021-22 | एमएसपी 2022-23 | उत्पादन लागत *2022-23 | एमएसपी में वृद्धि (निवल) | उत्पादन लागत 2022-23 पर मुनाफा (प्रतिशत में) |
धान (सामान्य) | 1940 | 2040 | 1360 | 100 | 50 |
धान (ग्रेड ए)^ | 1960 | 2060 | – | 100 | – |
ज्वार (हाईब्रीड) | 2738 | 2970 | 1977 | 232 | 50 |
ज्वार (मालदंडी)^ | 2758 | 2990 | – | 232 | – |
बाजरा | 2250 | 2350 | 1268 | 100 | 85 |
रागी | 3377 | 3578 | 2385 | 201 | 50 |
मक्का | 1870 | 1962 | 1308 | 92 | 50 |
तूर (अरहर) | 6300 | 6600 | 4131 | 300 | 60 |
मूंग | 7275 | 7755 | 5167 | 480 | 50 |
उड़द | 6300 | 6600 | 4155 | 300 | 59 |
मूंगफली | 5550 | 5850 | 3873 | 300 | 51 |
सूरजमुखी बीज | 6015 | 6400 | 4113 | 385 | 56 |
सोयाबीन (पीला) | 3950 | 4300 | 2805 | 350 | 53 |
तिल | 7307 | 7830 | 5220 | 523 | 50 |
रामतिल | 6930 | 7287 | 4858 | 357 | 50 |
कपास (मध्यम रेशा) | 5726 | 6080 | 4053 | 354 | 50 |
कपास (लंबा रेशा)^ | 6025 | 6380 | – | 355 | – |
^ धान (ग्रेड ए), ज्वार (मालदांडी) एवं कपास (लंबा रेशा) के लिए लागत आंकड़ें पृथक रूप से संकलित नहीं किए जाते हैं।