Ad DesktopAd TabletAd Mobile
फसल की खेती (Crop Cultivation)

मध्य प्रदेश में इस वर्ष 6 लाख हेक्टेयर में ली जाएंगी जायद फसलें

5 लाख हेक्टेयर में मूंग लेने का लक्ष्य

  • (विशेष प्रतिनिधि)

03 अप्रैल 2021, भोपाल। मध्य प्रदेश में इस वर्ष 6 लाख  हेक्टेयर में ली जाएंगी जायद फसलें – राज्य में रबी फसलों की कटाई जोरों पर चल रही है। चना, मसूर एवं सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ हो गई है। 1 अप्रैल से गेहूं की खरीदी भी प्रारंभ हो जाएगी, इन सब गतिविधियों के बीच जायद फसलों के लक्ष्य भी तय कर दिए गए हैं। इस वर्ष प्रदेश के 6 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में जायद फसलें लेने का लक्ष्य रखा गया है, इसमें मूंग, उड़द, मूंगफली, मक्का एवं ग्रीष्मकालीन धान शामिल हैं।

कृषि विभाग के मुताबिक राज्य में इस वर्ष 6 लाख 21 हजार हेक्टेयर में जायद फसलें लेने का अनुमान है। इसमें मुख्यत: मूंग फसल सबसे अधिक 5 लाख 12 हजार हेक्टेयर में लेने का लक्ष्य है। अन्य फसलों में उड़द 53 हजार हेक्टेयर में, ग्रीष्मकालीन धान 27500 हेक्टेयर में, मक्का 24000 हेक्टेयर में एवं मूंगफली 4800 हेक्टेयर में लेने का लक्ष्य है। ज्ञातव्य है कि प्रदेश के होशंगाबाद (नर्मदा पुरम्) संभाग में धान को छोड़कर अन्य सभी जायद फसलें बहुतायत में ली जाती हैं। संभाग में केवल मूंग का लक्ष्य आधे से अधिक लगभग 3.11 लाख हेक्टेयर रखा गया है, जो राज्य में सबसे अधिक है।

संभाग में अन्य फसलें उड़द 1050, मक्का 1450, एवं मूंगफली 100 हेक्टेयर में लेने का लक्ष्य तय किया गया है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश के अन्य संभागों में सभी जायद फसलें जबलपुर में 1.34 लाख हेक्टेयर में, सागर में 14600 हेक्टेयर में, रीवा में 19100, शहडोल में 1600, इंदौर में 29900, उज्जैन में 17300, मुरैना में 11400, ग्वालियर में 8200 एवं भोपाल संभाग में 71700 हेक्टेयर में लेने का लक्ष्य है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile
प्रदेश में जायद 2021 में फसलों का लक्ष्य

फसल                 लक्ष्य
मूंग                  512227
उड़द                  53294
मूंगफली               4807
मक्का               24035
धान                  27552

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें