फसल की खेती (Crop Cultivation)राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश में 10 लाख हेक्टेयर में हुई बुवाई

  • (विशेष प्रतिनिधि)

2 नवम्बर 2022, भोपालमध्यप्रदेश में 10 लाख हेक्टेयर में हुई बुवाई – चालू रबी सीजन में त्यौहारों के कारण फसलों की बुवाई धीमी गति से चल रही है। इस वर्ष राज्य में गेहूं का रकबा कम कर दलहनी एवं तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है उनका लक्ष्य बढ़ाया गया है। प्रदेश में खरीफ फसलों की कटाई में देरी की वजह से रबी की रफ्तार कम हुई है। वैसे इस वर्ष पर्याप्त नमी के कारण बेहतर उत्पादन की संभावना है। 28 अक्टूबर तक म.प्र. में 10.43 लाख हे. में बुवाई हुई है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 9.21 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई थी।

कृषि विभाग के मुताबिक प्रदेश में रबी फसलों का सामान्य क्षेत्र 107 लाख 33 हजार हेक्टेयर है। इस वर्ष 139.06 लाख हेक्टेयर में रबी फसलें ली जाएंगी। कृषि विभाग के मुताबिक अब तक 10.43 लाख हेक्टेयर में बोनी कर ली गई है। इसमें राज्य की प्रमुख रबी फसल गेहूं की बोनी 1.72 लाख हेक्टेयर में हुई है। जबकि गत वर्ष अब तक 0.62 लाख हे. में गेहूं बोया गया था। दूसरी प्रमुख फसल चने की बोनी अब तक 2.25 लाख हेक्टेयर में हो गई है जो गत वर्ष समान अवधि में 2.99 लाख हे. में हुई थी। अन्य फसलों में अब तक मटर 69 हजार हे. में, मसूर 85 हजार हे. में बोई गई है।

राज्य की प्रमुख तिलहनी फसल सरसों की बोनी 4.70 लाख हे. में हुई है जबकि इस वर्ष 13.07 लाख हे. लक्ष्य रखा गया है। वहीं अलसी की बोनी 16 हजार हेक्टेयर में हुई है। इस वर्ष गन्ना 1.40 लाख हेक्टेयर में लिया जायेगा, बुवाई की शुरुआत हो रही है। प्रदेश में अब तक कुल अनाज फसलें 1.78 लाख हे. में, दलहनी फसलें 3.78 लाख हे. में एवं तिलहनी फसलें 4.86लाख हे. में बोई गई हैं।

प्रदेश में रबी फसलों की बुवाई

28 अक्टूबर 2022 तक (लाख हे. में)

फसललक्ष्यबुवाई
गेहूं89.031.72
जौ0.520.06
चना 24.472.25
मटर2.80.69
मसूर6.490.85
सरसों13.074.7
अलसी 1.270.16
गन्ना1.40.01

महत्वपूर्ण खबर: खाद के लिए परेशान हो रहे किसान, सोसायटियों में खाद विक्रय बंद