Uncategorized

प्रदेश में 40 लाख टन हुई गेहूँ खरीदी

Share

भोपाल। मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी का कार्य 25 मई तक किया गया। इस वर्ष प्रदेश में समर्थन मूल्य पर 39 लाख 91 हजार मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की गयी है। प्रदेश में गेहूँ खरीदी का कार्य 16 मार्च से शुरू किया गया था। इस वर्ष 2844 केन्द्र पर समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी की गयी।

प्रदेश में इस वर्ष 1525 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर गेहूँ खरीदी का कार्य किया गया। राज्य में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिये 19 लाख 33 हजार 969 किसान ने पंजीयन करवाया था। गेहूँ खरीदी के बदले किसानों को अब तक 6087 करोड़ का भुगतान किया गया।
प्रदेश में संभागवार खरीदी में इंदौर में 2 लाख 61 हजार मीट्रिक टन, भोपाल में 11 लाख 71 हजार, नर्मदापुरम में 8 लाख 78 हजार, उज्जैन में 4 लाख 40 हजार, सागर में 2 लाख 54 हजार, जबलपुर में 5 लाख 86 हजार, ग्वालियर में एक लाख 84 हजार और चम्बल संभाग में एक लाख 5 हजार मीट्रिक टन, रीवा संभाग में 97 हजार मीट्रिक टन और शहडोल संभाग में 15 हजार मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की गयी। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी का कार्य 20 अप्रैल तक किया गया। उज्जैन जिले में अब तक एक लाख 65 हजार मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की गयी। किसानों को अपनी उपज बेचने में असुविधा न हो, इसके लिये उन्हें किस तिथि को उपार्जन केन्द्र पहुँचना है, इसकी सूचना मोबाइल पर एसएमएस के जरिये दिये जाने की व्यवस्था की गयी थी। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी का कार्य स्टेट सिविल सप्लाइज कार्पोरेशन और मार्कफेड द्वारा किया गया।

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *