राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा: कृषि रथ बना किसानों के सशक्तिकरण का माध्यम  

17 फरवरी 2026, विदिशा: विदिशा: कृषि रथ बना किसानों के सशक्तिकरण का माध्यम  – जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, पर्यावरण संरक्षण एवं शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित कृषि रथ अभियान किसानों के लिए सफलता की नई कहानी लिख रहा है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में 20 जनवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिससे हजारों किसान लाभान्वित हुए हैं।

कृषि रथ के माध्यम से जिले के ग्रामों में पहुंचकर किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लिए प्रेरित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 893 हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाया। यह पहल न केवल किसानों की लागत कम करने में सहायक हो रही है, बल्कि मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

नरवाई प्रबंधन के प्रति बढ़ी जागरूकता–  कृषि रथ अभियान के प्रभाव से जिले के 9829 किसानों ने नरवाई प्रबंधन हेतु शपथ लेकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। साथ ही किसानों को जागरूक करने के लिए 2001 कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए, जिससे नरवाई जलाने की प्रवृत्ति में कमी आने की उम्मीद है।

फसल विविधीकरण से बढ़ रही किसानों की आय–  अभियान के दौरान 2832 हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों द्वारा फसल विविधीकरण अपनाया गया, जिससे किसानों को वैकल्पिक फसलों के माध्यम से अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। वहीं 1463 किसानों द्वारा ग्रीष्मकालीन मूंग की बुवाई कर उन्नत खेती की दिशा में कदम बढ़ाया गया।

मृदा परीक्षण और योजनाओं से मिल रहा लाभ–  कृषि रथ के माध्यम से 5476 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जिससे किसानों को अपनी भूमि की उर्वरता के अनुसार फसल चयन एवं उर्वरक प्रबंधन में सहायता मिल रही है।

शासन की योजनाओं से जुड़ रहे किसान – अभियान के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत 204 आयुष्मान कार्ड, 272 किसान क्रेडिट कार्ड, 357 पशु क्रेडिट कार्ड तथा 182 फार्मर आईडी एवं ई-केवाईसी टोकन के आवेदन प्राप्त हुए, जिससे किसानों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। कृषि रथ अभियान ने जिले के किसानों में नई जागरूकता पैदा करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और आधुनिक खेती की ओर प्रेरित किया है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements