उत्तर प्रदेश: 4 लाख से अधिक महिलाएं संभाल रहीं डेयरी कारोबार, 76 हजार बनीं लखपति दीदी
19 नवंबर 2026, भोपाल: उत्तर प्रदेश: 4 लाख से अधिक महिलाएं संभाल रहीं डेयरी कारोबार, 76 हजार बनीं लखपति दीदी – उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महिलाएं अब डेयरी कारोबार के जरिए आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। योगी सरकार के ग्रामीण आजीविका मिशन और डेयरी मॉडल से जुड़कर प्रदेश की 4 लाख से अधिक महिलाएं दूध के कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ये महिलाएं केवल पशुपालन और दूध उत्पादन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूध संग्रह, गुणवत्ता जांच, बिक्री और भुगतान की पूरी व्यवस्था भी खुद संभाल रही हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला समूहों के माध्यम से प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है। इस पहल से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
बिचौलियों पर निर्भरता कम, महिलाओं के हाथ में कारोबार
ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को डेयरी कारोबार से जोड़कर उन्हें सीधे बाजार तक पहुंचाने की पहल की गई है। इसके लिए गांवों में दूध संग्रह का नेटवर्क तैयार किया गया है, जिससे महिला पशुपालकों को अपने उत्पाद की बेहतर कीमत मिल सके। इस व्यवस्था में बिचौलियों की भूमिका कम करने और कारोबार में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया जा रहा है।
दूध की मात्रा, फैट की जांच, कीमत और भुगतान का रिकॉर्ड रखने के लिए मोबाइल एप और डिजिटल मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। इससे महिलाओं को अपने कारोबार से जुड़ी सभी जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध हो रही हैं।
गांव में रहकर ही संभाल रहीं डेयरी का कारोबार
ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन लंबे समय से परिवारों की आमदनी का प्रमुख साधन रहा है। पशुओं की देखभाल और दूध उत्पादन में महिलाओं की बड़ी भूमिका होने के बावजूद पहले दूध की बिक्री, कीमत तय करने और लेनदेन की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सीमित रहती थी। डेयरी के नए मॉडल ने इस स्थिति में बदलाव लाने का काम किया है।
अब महिलाएं दूध उत्पादक समूहों और कंपनियों से जुड़कर कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्हें अपने गांव में ही दूध बेचने के लिए नियमित बाजार उपलब्ध हो रहा है। दूध संग्रह केंद्रों पर पहुंचने वाले दूध की मात्रा और गुणवत्ता डिजिटल मशीनों से दर्ज की जाती है। इससे महिलाओं को दूध की मात्रा, उसमें मौजूद फैट और मिलने वाली कीमत की जानकारी स्पष्ट रूप से मिल जाती है।
डिजिटल भुगतान से बढ़ी पारदर्शिता
डेयरी कारोबार में डिजिटल व्यवस्था लागू होने से दूध की गुणवत्ता जांच और भुगतान प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी हुई है। पहले ग्रामीण पशुपालकों को दूध बेचने के लिए स्थानीय खरीदारों पर निर्भर रहना पड़ता था। साथ ही दूध की गुणवत्ता और कीमत को लेकर भी उनके पास सीमित विकल्प होते थे।
अब मशीनों से दूध की गुणवत्ता की जांच की जाती है और उसका पूरा विवरण ऑनलाइन दर्ज होता है। भुगतान का रिकॉर्ड भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध रहता है। इससे महिलाओं को अपनी आमदनी का हिसाब रखने और कारोबार से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में आसानी हो रही है।
76 हजार से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि डिजिटल डेयरी नेटवर्क से जुड़ने के बाद महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रदेश में महिला नेतृत्व वाले इस दुग्ध कारोबार मॉडल के माध्यम से 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। डेयरी कारोबार अब उनके लिए केवल अतिरिक्त आमदनी का जरिया नहीं, बल्कि नियमित आजीविका का साधन बन रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 31 जिलों में संचालित यह नेटवर्क ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ा रहा है। दूध की बिक्री से होने वाली आमदनी सीधे महिलाओं के हाथों में पहुंचने से परिवार के खर्च, बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरतों को पूरा करने में उनकी भूमिका मजबूत हुई है।
मोबाइल और डिजिटल तकनीक से आसान हुआ कारोबार
मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, मोबाइल एप और डिजिटल तकनीक ने ग्रामीण महिला पशुपालकों के लिए डेयरी कारोबार को अधिक सुविधाजनक बनाया है। अब दूध संग्रह से लेकर गुणवत्ता जांच और भुगतान तक की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहती है। इससे महिलाओं को अपने दैनिक कारोबार का रिकॉर्ड रखने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। प्रदेश के गांवों में विकसित हो रहा यह डिजिटल डेयरी नेटवर्क महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


