किसानों के लिए वरदान है सुपर सीडर, नरवाई का निदान और बुवाई एक साथ
14 नवंबर 2026, भोपाल: किसानों के लिए वरदान है सुपर सीडर, नरवाई का निदान और बुवाई एक साथ – खेती की लागत कम करने और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए शासन की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में सुपर सीडर किसानों के लिए उपयोगी कृषि यंत्र साबित हो रहा है। यह ट्रैक्टर के साथ जुड़कर काम करता है और नरवाई प्रबंधन के साथ-साथ खेत में फसलों की बुवाई भी करता है। खासतौर पर धान की कटाई के बाद गेहूं और चने की खेती करने वाले किसानों के लिए यह काफी फायदेमंद है।
नरवाई को मिट्टी में मिलाकर करता है बुवाई
सुपर सीडर धान या अन्य फसलों की कटाई के बाद खेत में बचे डंठलों यानी नरवाई को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिला देता है। इससे खेत में नरवाई जलाने की जरूरत नहीं पड़ती। नरवाई जलाने से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के साथ ही मिट्टी की ऊपरी परत में मौजूद उपयोगी जीवाणुओं को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। इस यंत्र की मदद से नरवाई वाले खेत में बिना अलग से जुताई किए गेहूं, चना या दूसरी फसलों की सीधे बुवाई की जा सकती है।
एक साथ होंगे तीन काम, खेती की लागत होगी कम
सुपर सीडर की खासियत है कि इससे नरवाई प्रबंधन, जुताई और बुवाई का काम एक साथ हो जाता है। सामान्य तौर पर यह यंत्र एक घंटे में करीब एक एकड़ खेत में नरवाई को मिट्टी में मिलाने के साथ बुवाई कर सकता है। इससे किसानों को अलग से जुताई कराने की जरूरत नहीं पड़ती और समय के साथ खेती की लागत भी बचती है। गेहूं की कटाई के बाद जिन क्षेत्रों में मूंग की खेती की जाती है, वहां भी सुपर सीडर उपयोगी है। हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई के बाद खेत में बचे डंठलों को यह यंत्र मिट्टी में मिलाकर मूंग की बुवाई कर देता है। इस तरह किसान नरवाई की समस्या से छुटकारा पाने के साथ अगली फसल की तैयारी भी आसानी से कर सकते हैं।
खरीद पर मिल रही 40 प्रतिशत तक छूट
संभागीय कृषि अभियांत्रिकी विभाग, सतना में सुपर सीडर उपलब्ध है। शासन की योजनाओं के तहत इस यंत्र की खरीद पर किसानों को 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसान कम लागत में आधुनिक कृषि यंत्र खरीदकर उसका लाभ उठा सकते हैं।
युवाओं के लिए कमाई का अवसर
जिन किसानों के पास अपना ट्रैक्टर है, उनके परिवार के शिक्षित युवा सुपर सीडर खरीदकर खेती के काम के साथ अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं। एक सीजन में किसानों के खेतों में सुपर सीडर से काम करके एक लाख रुपये तक की कमाई की जा सकती है। इस तरह सुपर सीडर न केवल नरवाई प्रबंधन और बुवाई को आसान बनाता है, बल्कि खेती की लागत घटाने और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने में भी मददगार हो सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


