प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की तैयारी, हरियाणा में पांच फसलों की होगी पहचान
13 नवंबर 2026, पानीपत: प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की तैयारी, हरियाणा में पांच फसलों की होगी पहचान – हरियाणा सरकार किसानों को पारंपरिक खेती के साथ जैविक और प्राकृतिक खेती की ओर प्रोत्साहित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसी फसलों का उत्पादन बढ़ाना है, जिनकी बाजार में अच्छी मांग हो और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। इसी कड़ी में राज्य के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अधिकारियों को प्राकृतिक खेती के लिए उपयुक्त कम से कम पांच फसलों की पहचान कर उनके उत्पादन, प्रोत्साहन और विपणन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल में हल्दी, लाल मिर्च और अदरक जैसी अधिक मूल्य देने वाली नकदी फसलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रमाणन और विपणन की व्यवस्था होगी मजबूत
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में जैविक और प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के प्रमाणन, सरकारी खरीद तथा संगठित विपणन व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्ययोजना में खेती के अनुकूल क्षेत्रों की पहचान, उत्पादन लक्ष्य, किसानों की भागीदारी और गुणवत्ता प्रमाणन की पारदर्शी व्यवस्था को प्रमुखता दी जाए। साथ ही खेत से बाजार तक उपज की पूरी जानकारी उपलब्ध रखने के लिए ट्रेसबिलिटी व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
किसानों और फसलों का तैयार होगा डिजिटल डाटा
प्राकृतिक और जैविक खेती को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए कृषि एवं बागवानी विभागों को जिलावार और फसलवार किसानों तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) का प्रमाणिक डिजिटल डाटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें खेती का रकबा, प्रमाणन की स्थिति, संभावित उत्पादन और बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध उपज का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा। इससे प्राकृतिक खेती के संभावित उत्पादन क्षेत्रों की पहचान करने और किसानों की जरूरत के अनुसार आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने में मदद मिलेगी। सरकार की इस पहल का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि प्राकृतिक खेती को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए उसे प्रमाणन, सरकारी खरीद और बाजार से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। यदि योजना प्रभावी ढंग से लागू होती है तो किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने के साथ उनकी आमदनी बढ़ाने के नए अवसर भी मिल सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


