खेती को लाभकारी बनाने आधुनिक तकनीक और नवाचार पर एमपी की सरकार का जोर
13 नवंबर 2026, भोपाल: खेती को लाभकारी बनाने आधुनिक तकनीक और नवाचार पर एमपी की सरकार का जोर – मध्यप्रदेश में कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी और आधुनिक बनाने के लिए राज्य सरकार तकनीकी, नवाचार और उन्नत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दे रही है। सरकार का उद्देश्य खेती की लागत कम करने के साथ उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि करना है, ताकि किसानों की आय में सुधार हो सके और कृषि युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता का बेहतर माध्यम बन सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत एग्रीकल्चरल कॉन्फ्रेंस में सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के साथ फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को परंपरागत खेती के साथ आधुनिक तकनीकों और लाभकारी कृषि गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है। इसके माध्यम से निवेशकों को विभिन्न विभागों की आवश्यक अनुमतियां एक ही व्यवस्था के अंतर्गत उपलब्ध कराने का प्रयास है। इससे कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में निवेश बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर अधिक से अधिक कृषि भूमि को सिंचित क्षेत्र में लाने की दिशा में काम किया जा रहा है। किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने और कृषि अधोसंरचना मजबूत करने से उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही महिला किसानों, युवाओं और प्रगतिशील किसानों को कृषि क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर भी सरकार का जोर है। मुख्यमंत्री के अनुसार किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि उपकरण, नई तकनीक और बेहतर फसल प्रबंधन की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। फसल विविधीकरण के माध्यम से किसानों को बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उन्हें उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। दरअसल, बदलते समय में खेती को केवल परंपरागत गतिविधि तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। कृषि को उद्योग, तकनीक और उद्यमिता से जोड़ना जरूरी हो गया है। सरकार की कोशिश है कि आधुनिक कृषि और निवेश के समन्वय से मध्यप्रदेश को कृषि क्षेत्र में अग्रणी और आत्मनिर्भर राज्य बनाया जाए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


