Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

कल से फिर बदलेगा सूबे का मौसम, रात को बढ़ सकती है ठंड

24 जनवरी 2025, उज्जैन: कल से फिर बदलेगा सूबे का मौसम, रात को बढ़ सकती है ठंड –  ठंड का मौसम जारी है तो वहीं आगामी दो दिनों के भीतर एक बार फिर ठंड का प्रभाव अधिक होने की जानकारी मौसम विशेषज्ञों द्वारा दी गई है।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर बनी पांच मौसम प्रणालियों के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इस वजह से कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिल गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने के कारण शुक्रवार से एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने का सिलसिला शुरू हो सकता है। उज्जैन में मकर संक्रांति पर सूर्यदेव के उत्तरायन होने के बाद मौसम में बदलाव नजर आने लगा है। दिन बड़े होने के साथ शाम सुहानी होती जा रही है। सूर्यास्त का समय भी बदल रहा है। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार 18 जनवरी को सूर्यास्त का समय शाम 6 बजकर 5 मिनट था, जो 21 जनवरी को तीन मिनट बढ़कर 6 बजकर 8 मिनट हो गया है। वेधशाला अधीक्षक प्रो.राजेंद्र प्रकाश गुप्त ने बताया सूर्य के उत्तरायण होने के बाद अब दिन की अवधि बढ़ती जाएगी और सूर्य देर से अस्त होगा। इसके साथ ठंड भी रुखसत होगी। उधर, बुधवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। सबसे कम 800 मीटर दृश्यता भोपाल एवं खजुराहो एयरपोर्ट पर रही। दिन का सबसे अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में नया पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान पर द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ पंजाब में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। हरियाणा पर हवा के ऊपरी भाग में एक प्रेरित चक्रवात मौजूद है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम (12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 268 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com