संयुक्त संचालक कृषि ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान का भ्रमण कर वैज्ञानिकों से की चर्चा
07 अक्टूबर 2026, इंदौर: संयुक्त संचालक कृषि ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान का भ्रमण कर वैज्ञानिकों से की चर्चा – संयुक्त संचालक कृषि इंदौर संभाग श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के क्षेत्रीय केंद्र, इंदौर का भ्रमण कर वैज्ञानिकों से किसानों के हित में कृषि संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए किसानों के लिए उपयुक्त फसल किस्मों एवं बीजों की उपलब्धता तथा कम पानी में तैयार होने वाली फसलों के संबंध में विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान संस्थान के हेड एवं प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. जंग बहादुर सिंह, भारतीय श्री अन्न अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. हरि प्रसन्ना, कृषि महाविद्यालय इंदौर के वैज्ञानिकों सहित अन्य विशेषज्ञों के साथ चर्चा की गई। बैठक में कम वर्षा की स्थिति में किसानों को कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसल किस्मों के चयन एवं उनके उपयोग के संबंध में उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया।
संयुक्त संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने संस्थान द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों के लिए विकसित की गई गेहूं की विभिन्न किस्मों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। वैज्ञानिकों ने क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप उपयुक्त किस्मों के चयन, बीज उपलब्धता तथा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दिए जाने के संबंध में भी जानकारी साझा की। चर्चा के दौरान डॉ. राहुल गजघाटे, वरिष्ठ वैज्ञानिक, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान तथा डॉ. आनंद हर्षसाना, सहायक प्राध्यापक, कृषि महाविद्यालय इंदौर सहित अन्य वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में संयुक्त संचालक कृषि द्वारा बीज व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान नाफेड के डॉ. प्रदीप सिंह कुशवाह द्वारा उपलब्ध बीज एवं बीज व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में किसानों को समय पर पर्याप्त एवं उपयुक्त बीज उपलब्ध कराने तथा कम वर्षा की परिस्थितियों के अनुरूप फसल चयन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


